पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बंडा दौरे के बाद रविवार को पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने घोषणा की है कि जहरीली शराब पीने से मृत हुए व्यक्तियों में पीड़ित चार परिवारों को मैं गोद ले रहा हूं। उन्होंने चारों पीड़ित परिवारों को 10-10 हजार रुपए की राशि प्रतिमाह देने तथा उनके बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की। उन्होंने चार मृतकों के नाम भी बताए जिनके परिवार का उन्होंने जिम्मा लिया है। दिग्विजय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र मोहासा व पूर्व विधायक तरवर सिंह से भी जिन प्रभावितों ने रोशनी खो दी या फिर परिवार का मुखिया नहीं रहा, उन परिवारों को गोद लेने की अपील की है। दिग्विजय सिंह ने शराब कांड की न्यायिक जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि न्यायिक जांच के लिए रिटायर्ड जज चौहान को नियुक्त किया गया है। ये वही जज हैं, जिन्होंने व्यापमं कांड की जांच की थी। मुझे उन पर भरोसा नहीं है। इस दौरान उन्होंने अन्य जिम्मेदार लाइसेंसी ठेकेदारों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
