इंदौर के मरीमाता चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। बाणगंगा पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सत्य साईं नगर निवासी राज (28) पुत्र रवि सोनेरे और नंदकिशोर सोलंकी (30) के रूप में हुई है। दोनों रात में घूमने निकले थे। मरीमाता चौराहे के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे। लोगों ने कार को मौके पर रोका हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोक लिया। बाद में कार को पुलिस थाने भेजा गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों और कार की रफ्तार को लेकर जांच की जा रही है। राज ओवन का कारीगर, नंदकिशोर बेचता था सब्जी परिजनों के मुताबिक राज ओवन का काम करता था और कारीगर था। परिवार में उसकी पत्नी, दो भाई और माता-पिता हैं। वहीं नंदकिशोर सब्जी बेचने का काम करता था। परिवार में उसके पिता और एक बड़ा व एक छोटा भाई है।
