मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। महंगी शक्कर पर सवाल सुनते ही उठे शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से जब महंगी शक्कर को लेकर सवाल किया गया तो वे अपनी कुर्सी से उठ गए। बोले- ‘सब इंतजाम हो रहा है जी, चिंता मत करो।’ शिवराज सिंह चौहान रायसेन में मीडिया से बात कर रहे थे। वे बहनों को राखी पर्व की शुभकामनाएं दे रहे थे और कह रहे थे कि हमारे लिए तो बहनें ही देवियां हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी दौरान पत्रकारों ने सवाल किया कि त्योहार के सीजन में मिठास कम हो गई है। चीनी महंगी हो गई है। इस पर शिवराज सिंह चौहान उठते हुए बोले- ‘सब इंतजाम हो रहा है जी, चिंता मत करो।’ और फिर वहां से चले गए। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने यह नहीं बताया कि आखिर कौन से इंतजाम हो रहे हैं और महंगी शक्कर के दाम कम करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। कांवड़ यात्रा में फिसली कार्तिकेय की जुबान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा कुछ संकल्पों के साथ निकाली गई थी। लेकिन जब कार्तिकेय इन्हीं संकल्पों का जिक्र कर रहे थे, तो उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने कह दिया कि नशामुक्ति से हमारी माताएं परेशान रहती हैं। साथ ही कहा कि हम समाज में यह संदेश देना चाहते हैं कि नशामुक्ति के खिलाफ एक धार्मिक अभियान छेड़ रहे हैं। जबकि उन्हें ‘नशामुक्ति’ के बजाय ‘नशा’ बोलना था। कांवड़ यात्रा में पूरा फोकस कार्तिकेय सिंह पर ही नजर आया। यात्रा के दौरान जगह-जगह उनकी रील्स भी शूट होती दिखीं। एक जगह जब वे पूजा करते नजर आए तो कई कैमरे उनका फोटोशूट करते दिखाई दिए। वैसे, कार्तिकेय सिंह चौहान की इस कांवड़ यात्रा को एक अलग ही तैयारी के चश्मे से भी देखा जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि कहीं यह पिता की राजनीतिक विरासत संभालने की तैयारी तो नहीं? जयवर्धन सिंह को मिल गया खास आशीर्वाद
इधर, दिग्विजय सिंह के विधायक बेटे जयवर्धन सिंह को मंत्री बनने का आशीर्वाद मिल गया है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह गुना के कुंभराज में महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरी की कथा में पहुंचे थे। जयवर्धन सिंह जैसे ही कथा पंडाल में पहुंचे, स्वामी आत्मानंद गिरी महाराज ने उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का क्रेडिट भी दे दिया। उन्होंने कहा- सबसे पहले तो तुम्हें हम दतिया की विजय की बधाई दे रहे हैं। सबसे ज्यादा तुम्हारा योगदान था, क्योंकि तुम वहां डेरा डाले थे। इसके बाद जयवर्धन सिंह को मिला खास आशीर्वाद। स्वामी आत्मानंद गिरी ने कहा- जल्दी से फिर से सरकार बने और तुम फिर से मंत्री हो, यह मेरा आशीर्वाद है। खरी बात ये है कि इस खास आशीर्वाद के बाद जयवर्धन सिंह तो खुश हुए ही होंगे, सरकार बनने के आशीर्वचन पर कांग्रेस नेताओं के मन में भी लड्डू फूटे होंगे। फायर ब्रिगेड के पानी से विधायक की गाड़ी धोई
फायर ब्रिगेड की गाड़ी किस काम आती है? इसका सीधा सा जवाब है- आग बुझाने में। लेकिन सिंगरौली में इसका एक और इस्तेमाल सामने आया है। यहां फायर ब्रिगेड के पानी से भाजपा विधायक की गाड़ी चमकाई जा रही है। सिंगरौली में सामने आए एक वीडियो में नगर निगम के कर्मचारी फायर ब्रिगेड के पानी से भाजपा विधायक रामनिवास शाह की गाड़ी धोते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अब इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि इमरजेंसी सेवा में इस्तेमाल होने वाली फायर ब्रिगेड का इस तरह गैर-जरूरी काम के लिए इस्तेमाल कैसे हो रहा है? वहीं, कुछ लोग तंज कस रहे हैं- सैंया भये कोतवाल, तो डर काहे का। आखिर नेता जी की ही सरकार है। शायद इसीलिए नगर निगम के अफसरों ने भी पूरे मामले पर चुप्पी साध ली है। और अब अंदर की बात.. इनपुट सहयोग – देव शाक्य (रायसेन), आशीष रघुवंशी (गुना), राज द्विवेदी (सिंगरौली) ये भी पढ़ें –
सीएम बोले- प्रधानमंत्री मोदी जामवंत जैसे: रोबोट की डांस मस्ती, महाकाल के भजनों पर झूमा उज्जैन में एक रोबोट से रेस्टोरेंट का उद्घाटन कराया गया। रोबोट की एंट्री किसी नेता के अंदाज में हुई। उसके आसपास बंदूक लिए कमांडो नजर आए। उसे भगवा दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। भगवा दुपट्टे डाले रोबोट ने जमकर डांस भी किया। पूरी खबर पढ़ें
