भोपाल के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत पोस्ट होते ही संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है। ( आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें… ) जोन 3 के AHO राजेश कुरील बने आज के “स्टार ऑफिसर” शाहजहानाबाद निवासी राज कमल ने भास्कर समाधान पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने लिखा कि रेजिमेंट रोड पर मिलिट्री गेट के पास हनुमान मंदिर के सामने नाली की स्थिति खराब है। नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा था और आसपास गंदगी जमा होने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत भास्कर समाधान पर सामने आने के बाद जोन 3 के स्वच्छता प्रभारी (AHO) राजेश कुरील ने मामले पर संज्ञान लिया। संबंधित अमले के माध्यम से मौके पर सफाई एवं नाली की समस्या का निराकरण कराया गया। इसके बाद गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त हुई और रहवासियों को राहत मिली। एप से मिल रहा लोगों को समाधान शिवाजी नगर: टूटे चैंबर का हुआ समाधान, शिकायतकर्ता ने की पुष्टि शिवाजी नगर निवासी साबील खान ने 6 नंबर बस स्टॉप के पास नगर निगम जोन क्रमांक 8 के नीचे टूटे हुए नाले के चैंबर को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने लिखा कि चैंबर करीब एक महीने से टूटा हुआ था। नगर निगम अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही थी। खुले और क्षतिग्रस्त चैंबर के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। शिकायत भास्कर समाधान पर पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने टूटे चैंबर का समाधान कराया। मौके पर चैंबर को व्यवस्थित कर समस्या का निराकरण किया गया। समाधान की पुष्टि स्वयं शिकायतकर्ता साबील खान ने एप पर की। सड़क, बिजली और सफाई की समस्याओं से परेशान भोपालवासी एमपी नगर: मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क पर जानलेवा गड्ढा, हादसे का खतरा एमपी नगर निवासी कमलेश शर्मा ने मेट्रो स्टेशन के नीचे वाली सड़क पर बने बड़े गड्ढे को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा कि सड़क पर काफी समय से जानलेवा गड्ढा बना हुआ है। गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ईदगाह हिल्स: पेड़ों के बीच ढका ट्रांसफॉर्मर, हादसे का खतरा ईदगाह हिल्स निवासी राकेश प्रसाद ने बिजली के ट्रांसफॉर्मर को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा कि ट्रांसफॉर्मर के आसपास बड़ी संख्या में पेड़ और झाड़ियां फैल गई हैं। इससे ट्रांसफॉर्मर लगभग पेड़ों से ढका हुआ है। लंबे समय से यहां मेंटेनेंस नहीं होने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। जहांगीराबाद: खुले में पड़ा कचरा, बीमारियां फैलने का खतरा जहांगीराबाद निवासी अमीर खान ने खुले में कचरा पड़े रहने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा कि लिली चौक के सामने मुर्गी बाजार के पास सड़क पर कचरा खुले में पड़ा हुआ है। कचरे के लिए यहां डस्टबिन की व्यवस्था नहीं होने से गंदगी सड़क पर ही जमा हो रही है। खुले में पड़े कचरे के कारण बीमारियां और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। करोंद सब्जी मंडी: सड़क कीचड़ से सनी, सफाई नहीं होने से दुकानदार परेशान करोंद निवासी मनोज नामदेव ने करोंद सब्जी मंडी में सड़क की खराब स्थिति और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा कि मंडी की सड़क कीचड़ से सनी हुई है और लंबे समय से यहां सफाई नहीं हो रही है। दुकानदारों के अनुसार 14 अगस्त के बाद से सफाई नहीं हुई है। सड़क पर घुटनों तक कीचड़ जमा होने के कारण दुकानदारों को सामान बेचने में परेशानी हो रही है, वहीं ग्राहक भी इसी कीचड़ के बीच खरीदारी करने के लिए मजबूर हैं। पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप पर भास्कर समाधान सेगमेंट देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू पोस्ट कर सकते हैं। यह पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा माध्यम बना है। एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है। अधिकारी बता सकेंगे, क्या एक्शन लिया दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपना एक्शन बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उसके अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है, तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे भी कॉल कर सकेंगे। यूजर बता सकते हैं, समाधान हो गया एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है। भास्कर समाधान सेगमेंट बदलाव लाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसके पीछे भास्कर एप की सोच यही है कि शहर के हर कोने से लोगों की समस्याएं प्रशासन तक रियल टाइम पहुंचें, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच एक सेतु बन सके। लोग सीधे अपनी बात कह सकें। ऐसे में सरकार और अधिकारियों को चाहिए कि वे इन पोस्ट को सकारात्मक रूप से लें और समाधान का रास्ता चुनें।
