विदिशा में रीठा फाटक रोड पर एक ही परिवार की महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। तीनों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मृतकों की पहचान काछी मोहल्ला निवासी रितेश दांगी की पत्नी वर्षा दांगी और उनकी दो बेटियों सेजल व सानवी के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम की है। सबसे पहले बड़ी बेटी सेजल की तबीयत बिगड़ी। सोमवार-मंगलवार की रात परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रितेश अपनी पत्नी वर्षा और छोटी बेटी सानवी को लेकर अस्पताल पहुंचे। देर रात इलाज के दौरान वर्षा और सानवी की भी मौत हो गई। घर पहुंचने पर वर्षा को उल्टियां हो रही थीं रितेश के छोटे भाई नीलेश ने बताया कि सोमवार शाम जब वह घर पहुंचे तो वर्षा को उल्टियां हो रही थीं। वहीं छोटी बेटी सानवी अचेत अवस्था में पड़ी थी। उन्होंने सानवी को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। कुछ देर बाद रितेश भी अपनी पत्नी वर्षा और बेटी सानवी को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान दोनों को बचाया नहीं जा सका। रितेश ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे उसकी पत्नी वर्षा से फोन पर बात हुई थी। उस समय वर्षा ने सब कुछ ठीक होने की जानकारी दी थी। इसके बाद जब वह घर पहुंचे तो उसकी तबीयत खराब मिली। परिजन ने पारिवारिक विवाद को बताया संभावित वजह वर्षा के ममेरे भाई गोविंद दांगी ने घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि विवाद के बाद वर्षा ने दोनों बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया होगा। हालांकि, पुलिस ने परिजन के इस दावे की फिलहाल पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पिछले साल हुई थी पिता की मौत, मां अस्पताल में भर्ती गोविंद दांगी ने बताया कि वर्षा दो भाइयों की इकलौती बहन थी। पिछले साल सावन में उसके पिता की मौत हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद वर्षा की मां की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 13 साल पहले हुई थी शादी, कपड़े की दुकान चलाते हैं रितेश परिजनों के अनुसार रितेश और वर्षा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। रितेश कपड़े की दुकान चलाते हैं। परिवार में दो बेटियों सेजल और सानवी के अलावा एक छोटी बेटी भी है। दोनों बेटियां स्कूल में पढ़ती थीं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल, परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पदार्थ क्या था और किन परिस्थितियों में उसका सेवन किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही तीनों की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
