जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में शनिवार 22 अगस्त को परीक्षा के दौरान छात्रों को सिलेबस से अलग प्रश्न पत्र दे दिया गया। बीकॉम फर्स्ट ईयर के छात्रों का कहना है कि ‘बिजनेस इकोनॉमिक्स’ की जगह ‘बिजनेस इकोनॉमिक्स ऑब्जर्वेशनल बिहेवियर’ का पेपर बांट दिया गया। इससे नाराज छात्रों ने सोमवार को विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जनरल प्रमोशन की मांग की। पूरे साल जो पढ़ा, उसमें से एक भी सवाल नहीं आया छात्रा भूमिका शुक्ला ने बताया कि दोपहर 12 बजे परीक्षा शुरू हुई। प्रश्न पत्र मिलने के बाद छात्रों ने देखा कि पूरे साल पढ़ाए गए सिलेबस से एक भी सवाल नहीं था। छात्रों ने इसकी शिकायत विभागाध्यक्ष (HOD) से की। उन्होंने गलती सुधारने का आश्वासन दिया, लेकिन समाधान नहीं होने पर छात्र परीक्षा कक्ष से बाहर आ गए। दोबारा परीक्षा की बात पर छात्रों ने जताया विरोध छात्रों का कहना है कि बीकॉम फर्स्ट ईयर के सभी विद्यार्थियों के पेपर प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार, विभाग की ओर से दोबारा परीक्षा देने की बात कही जा रही है और ऐसा नहीं करने पर फेल करने की बात कही गई है। छात्रों का आरोप है कि विभाग की गलती का असर उन पर डाला जा रहा है। भूमिका ने बताया कि परीक्षा कराने वाले गेस्ट टीचर ने छात्रों का पक्ष लिया तो उन्हें विश्वविद्यालय से बाहर करने की धमकी दी जा रही है। कुलसचिव बोले- जांच करा रहे, किसी को फेल नहीं करेंगे सोमवार को छात्रों ने कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायत पत्र मिला है और परीक्षा नियंत्रक से मामले की जांच कराई जा रही है। मामले में जिसकी भी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
