Homeमध्यप्रदेशइंदौर को 60 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात:अटल पथ का लोकार्पण,...

इंदौर को 60 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात:अटल पथ का लोकार्पण, लिंक रोड का भूमिपूजन, सीएम ने कंधे पर उठाया विशाल शिवलिंग

पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर को 60 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाले करीब 16 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बने ‘अटल पथ’ का लोकार्पण कर इसे आमजन को समर्पित किया। वहीं इससे पहले इंदौर के चिड़ियाघर में तैयार किया गया 14-डी थिएटर का सीएम ने शुभारंभ किया और निरीक्षण भी किया। इसके साथ ही टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका-बाणगंगा तक बनने वाले करीब 18.09 करोड़ रुपए के लिंक रोड सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण, सुशासन और विकास में योगदान को याद करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। वे उत्कृष्ट राजनेता, कवि, लेखक और कुशल वक्ता होने के साथ लोकतंत्र की गरिमा कायम रखने वाले अजातशत्रु नेता थे। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की भूमिका को पूरी गरिमा के साथ निभाने का आदर्श प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत इस बार कुछ अलग अंदाज में हुआ। महाकाल भक्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें भारी-भरकम गुलाब और रुद्राक्ष की मालाएं पहनाने के साथ विशाल शिवलिंग भेंट किया। मुख्यमंत्री ने शिवलिंग को अपने कंधे पर उठाया और कुछ देर लेकर घूमे। उनका यह अंदाज देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने इसे सीएम का ‘बाहुबली’ अंदाज बताया। अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिषद में कांग्रेस के दो पार्षद पहले भी वंदे मातरम् का अपमान कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून के लागू होने के बाद ऐसे मामलों में कार्रवाई और सख्त होगी। अटल पथ से लेकर सात विकास कार्यों की सौगात मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के नाम पर अटल पथ का लोकार्पण करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता हो रही है। जनभागीदारी और इच्छाशक्ति से इंदौर में लगातार विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। अटल जी की प्रतिमा सहित करीब 60 करोड़ रुपए की लागत से सात विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शहर के विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने करीब 18 करोड़ रुपए की लागत से टिगरिया बादशाह मुख्य मार्ग से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका तक बनने वाली सड़क को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग आगामी सिंहस्थ के दौरान भी उपयोगी साबित होगा। इसी तरह फूटी कोठी चौराहे से संत श्री सेवालाल ब्रिज के सर्विस रोड के विकास कार्य का भी करीब सात करोड़ रुपए की लागत से भूमिपूजन किया गया। 1.38 किमी लंबा होगा कुशवाह नगर-बाणगंगा लिंक रोड टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका-बाणगंगा तक बनने वाला लिंक रोड 1.38 किलोमीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा होगा। इसके निर्माण पर करीब 18.09 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सड़क के साथ सीमेंट कांक्रीट निर्माण, सीवर चैंबर, सीवर एवं वाटर लाइन, फुटपाथ और इलेक्ट्रिक लाइन शिफ्टिंग के काम भी किए जाएंगे। नया मार्ग बनने से सुपर कॉरिडोर, पालाखेड़ी, बड़ा बांगड़दा होते हुए उज्जैन रोड और बाणगंगा तक आवागमन आसान होगा। इससे आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण जरूरी है। नए लिंक रोड से सिंहस्थ के दौरान इंदौर से उज्जैन आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक और सुगम मार्ग मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। अटल जी के सपनों को आगे बढ़ाने का दावा डॉ. यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने परमाणु शक्ति संपन्न भारत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी योजनाओं के माध्यम से देश के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने नदी जोड़ो अभियान का सपना भी देखा था, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं से मध्यप्रदेश और राजस्थान के बड़े हिस्से को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा का पानी मालवा-निमाड़ और इंदौर क्षेत्र के विकास का आधार बन चुका है। पेयजल, सिंचाई और औद्योगिक गतिविधियों में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। आधुनिक कनेक्टिविटी पर भी जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर महानगर के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के साथ भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर को भी आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। इंदौर को अंतरराष्ट्रीय विमानतल का दर्जा मिलने से वैश्विक कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना, इंदौर-उज्जैन मार्ग के सुदृढ़ीकरण, दिल्ली से इंदौर की सीधी रेल कनेक्टिविटी और इंदौर-पीथमपुर आर्थिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को शहर की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया। ओंकारेश्वर-महाकाल के लिए हेलीकॉप्टर सेवा मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर से ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा धार्मिक पर्यटन को नई गति दे रही है। ओंकारेश्वर में करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ अधोसंरचना का विकास इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के लिए नई आर्थिक संभावनाएं पैदा करेगा। सिरपुर तालाब और गांधी नगर मार्ग समेत अन्य कार्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जोन क्रमांक-14 के वार्ड 85 में सिरपुर तालाब, अहिल्या उद्यान से सिरपुर तालाब वॉच टावर गेट नंबर-2 तक सड़क निर्माण और संत श्री सेवालाल जी महाराज ब्रिज सर्विस रोड के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने संत श्री सेवालाल जी महाराज ब्रिज सर्विस रोड का नामकरण स्व. वासुदेव चिताम्बरे के नाम पर करने की घोषणा भी की। इसके अलावा गांधी नगर मुख्य मार्ग के विकास कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here