स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को इंदौर देशभक्ति के रंग में नजर आया। शहर में अलग-अलग संगठनों और पुलिस की ओर से तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें संस्था सार्थक की ओर से दिव्यांगजनों के साथ निकाली गई व्हीलचेयर तिरंगा यात्रा खास आकर्षण रही। व्हीलचेयर पर सवार दिव्यांग भाई-बहनों ने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। कोठारी मार्केट पार्किंग से शुरू हुई यह यात्रा गांधी हॉल पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में पैरा खिलाड़ी, दिव्यांग उद्यमी और कला क्षेत्र से जुड़े दिव्यांगजन शामिल हुए। यात्रा का नेतृत्व पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया ने किया। पैरा टेबल टेनिस की नेशनल खिलाड़ी हर्षिता शहरी और ऑल इंडिया रैंक-10 खिलाड़ी भविष्य जैन भी यात्रा में शामिल हुए। संस्था की ओर से कहा गया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं करती। पैरा खिलाड़ी, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे दिव्यांगजन इसका उदाहरण हैं। गांधी हॉल पहुंचने पर राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। देर शाम को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने देशभक्ति के तराने सुनाए। 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर बाइक पर निकले
इंदौर पुलिस ने भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की अगुवाई में पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय से रैली शुरू हुई। इसमें 500 से ज्यादा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए। रैली पलासिया से घंटाघर चौराहा, रीगल चौराहा, राजवाड़ा, मधुमिलन चौराहा और व्हाइट चर्च होते हुए वापस पलासिया पहुंची। पुलिसकर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर और वाहनों पर राष्ट्रध्वज लगाकर शहर में देशभक्ति का संदेश दिया। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। घोड़ों पर सवार जवानों ने थामा तिरंगा
15वीं वाहिनी विसबल के नेतृत्व में अनोखी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें जवान घोड़ों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर निकले। उनके साथ साइकिल और घोड़ा-गाड़ी पर भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों के बीच यात्रा पश्चिम क्षेत्र में कई किलोमीटर तक निकली। डीआईजी अमित सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा में सशस्त्र बल के जवानों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। विजयनगर में 150 पुलिसकर्मियों की तिरंगा यात्रा विजयनगर अनुभाग में भी डीसीपी जोन-2 के नेतृत्व में तिरंगा वाहन यात्रा निकाली गई। इसमें एसीपी विजयनगर, थाना प्रभारी विजयनगर, थाना प्रभारी लसूड़िया सहित करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान पुलिस ने देशभक्ति हमारी पहचान, जनसेवा हमारा संकल्प का संदेश दिया। इसके अलावा शहर में किसान तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न संगठनों की ओर से भी कई तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
