Homeछत्तीसगढ़दुर्ग जिला अस्पताल में चींटियों ने बंद कराया ऑपरेशन थिएटर,VIDEO:3 दिनों से...

दुर्ग जिला अस्पताल में चींटियों ने बंद कराया ऑपरेशन थिएटर,VIDEO:3 दिनों से सीजेरियन से लेकर दूसरी सर्जरी प्रभावित, डॉक्टर बोले- संक्रमण का खतरा

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की मदर-चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) के ऑपरेशन थिएटर में चीटियों का जमावड़ा होने से पिछले 3 दिनों से सिजेरियन डिलीवरी बंद है। इस वजह से दूसरी प्लान की गई सर्जरी पर भी पड़ रहा है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन थिएटर को बंद किया है। अब सभी सीजेरियन डिलीवरी मेजर ऑपरेशन थिएटर में किए जा रहे हैं। इससे अस्पताल में रोजाना होने वाली कई जरूरी सर्जरी टालनी पड़ रही हैं। मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में आने वाले कई मरीजों को नई तारीख दी जा रही है, जबकि कुछ मामलों में केवल इमरजेंसी ऑपरेशन ही किए जा रहे हैं। संक्रमण का खतरा देखते हुए बंद किया ओटी जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल की एमसीएच यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में अचानक बड़ी संख्या में चींटियां दिखाई देने लगीं। ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान पर चींटियों की मौजूदगी संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती है। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत ओटी बंद करने का फैसला लिया। इसके बाद शुरुआत में सीजेरियन डिलीवरी को टीटी ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया था। वहां कुछ ऑपरेशन भी किए गए, लेकिन बाद में विभागाध्यक्ष डॉ. बीआर साहू ने लिखित रूप से संक्रमण की आशंका जताई। इसके बाद सभी सीजेरियन डिलीवरी को मेजर ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर दिया गया। रोजाना 5 सर्जरी होती है जिला अस्पताल में अब मेजर ऑपरेशन थिएटर की एक टेबल पर सीजेरियन डिलीवरी कराई जा रही है। वहीं दूसरी टेबल पर सिर्फ इमरजेंसी ऑपरेशन किए जा रहे हैं। ऐसे में आर्थोपेडिक, जनरल सर्जरी और दूसरी पहले से तय सर्जरी फिलहाल नहीं हो पा रही है। अस्पताल में रोज औसतन 5 प्लान की गई सर्जरी होती थी, जो पिछले 3 दिनों से प्रभावित है। ऑपरेशन थिएटर में चींटियां आने की वजह समय पर पेस्ट कंट्रोल नहीं होना और निर्माण कार्य से जुड़ी कुछ खामियां मानी जा रही है। इसी कारण अस्पताल प्रबंधन ने अब पेस्ट कंट्रोल के साथ-साथ जरूरी मरम्मत और निर्माण का काम भी शुरू करा दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। ऑपरेशन करना हो सकता था खतरनाक दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज का कहना है कि ऑपरेशन थिएटर में चींटियां दिखाई देने के बाद मरीजों की सुरक्षा को सबसे पहले प्राथमिकता दी गई। यदि ऐसी स्थिति में ऑपरेशन जारी रखे जाते, तो यह गंभीर लापरवाही होती। इसलिए समय रहते टीम का गठन किया गया और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर मरीजों को सुरक्षित तरीके से इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जिला अस्पताल में फिलहाल 3 जनरल सर्जन, 2 आर्थोपेडिक सर्जन और 2 ईएनटी विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन ऑपरेशन थिएटर की क्षमता कम होने की वजह से डॉक्टर चाहकर भी सभी मरीजों का समय पर ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। इसका सीधा असर इलाज की व्यवस्था पर पड़ रहा है। 23 और 24 जुलाई को ज्यादा थी चींटियों की संख्या प्रबंधन के अनुसार मदर-चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) का ऑपरेशन थिएटर 23 जुलाई से बंद किया गया है। 23 और 24 जुलाई को वहां चींटियों की संख्या ज्यादा थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। फिलहाल वहां चींटियां नहीं हैं। इसके बावजूद ऑपरेशन थिएटर को तब तक दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा, जब तक उसकी फ्यूमिगेशन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती और कल्चर रिपोर्ट में संक्रमण पूरी तरह शून्य नहीं आ जाता। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि ऑपरेशन थिएटर बैक्टीरिया और वायरस से पूरी तरह मुक्त रहे और मरीजों को किसी तरह का संक्रमण का खतरा न हो। रोजाना 10 से 12 हो रहे ऑपरेशन: सिविल सर्जन सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने कहा कि 2 ऑपरेशन थिएटर बंद होने से काम का दबाव जरूर बढ़ा है। इसका असर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर भी पड़ा है, लेकिन सभी डॉक्टर और कर्मचारी अतिरिक्त ड्यूटी कर मरीजों को बिना बाधा इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। किसी भी मरीज को रायपुर रेफर नहीं किया गया है। ……………………… छत्तीसगढ़ की ये खबर भी पढ़िए… सिजेरियन के बाद महिला के पेट में छोड़ा सर्जिकल धागा: पेट में तेज दर्द और उल्टी हुई, CMHO ने पेंडलवार नर्सिंग होम को नोटिस थमाया छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद डॉक्टर ने महिला के पेट में सर्जिकल धागा छोड़ दिया। इस मामले में बुधवार को पीड़ित परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल से शिकायत की है। पढ़िए पूरी खबर

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here