उज्जैन में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बार फिर मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। शुक्रवार को निकाले गए जुलूस का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर भीड़ पर हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। वायरल वीडियो नई सड़क क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान जैसे ही भीड़ आगे बढ़ती है, कुछ युवक अचानक डंडों से हमला करना शुरू कर देते हैं। हमला होते ही जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन जाती है। कुछ लोगों को चोट लगने की भी बात सामने आई है। वीडियो में कुछ लोग मारपीट कर रहे युवकों को पकड़ने के लिए दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। हालांकि अब तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एक सप्ताह में जुलूस के दौरान दूसरी घटना उज्जैन में मुहर्रम जुलूस के दौरान मारपीट की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले भी एक सप्ताह पहले जुलूस के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद बड़नगर में जुलूस के दौरान कार में विस्फोट कर प्रदर्शन किए जाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा 18 जून की रात शहर के बेगमबाग क्षेत्र में घोड़ों के जुलूस के दौरान भी विवाद हुआ था। जुलूस में शामिल कुछ युवक आपस में भिड़ गए थे और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे थे। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही बताया गया था कि गरीब नवाज से निकलने वाला घोड़ा जुलूस रात करीब 12 बजे घोड़ा कोट मोहल्ला, महाकाल चौराहा और बेगमबाग क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटा रही है।
