मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने एक दिन पहले जारी किए गए शेड्यूल को संशोधित कर नया टाइम टेबल जारी कर दिया है। अब राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का फैसला संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य परीक्षा से तारीखों के टकराव के बाद लिया गया है। शुक्रवार को आयोग ने मुख्य परीक्षा का शेड्यूल जारी किया था, जिसके अनुसार परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रस्तावित थी। हालांकि, अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई कि अंतिम दो पेपर UPSC मुख्य परीक्षा से टकरा रहे हैं। UPSC की मुख्य परीक्षा 21 अगस्त से शुरू हो रही है, जबकि MPPSC के दो पेपर 21 और 22 अगस्त को निर्धारित थे। इससे दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता। आपत्तियों के बाद आयोग ने बैठक बुलाई अभ्यर्थियों की मांग और आपत्तियों के बाद आयोग ने शनिवार को बैठक बुलाई। परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन का फैसला लिया। आयोग ने शेड्यूल को आगे बढ़ाने के बजाय पहले आयोजित करने का निर्णय लिया, ताकि दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को किसी तरह की दिक्कत न हो। एमपीपीएससी के ओएसडी रविंद्र पंचभाई ने बताया कि आयोग ने पहले हाईकोर्ट में अंतरिम राहत के लिए आवेदन दायर किया था। कोर्ट ने परीक्षा परिणाम बंद लिफाफे में प्रस्तुत करने की शर्त के साथ परीक्षा कराने की अनुमति दी थी। कोर्ट के आदेश के बाद ही संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया। अब 25 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी और 15 जुलाई तक चलेगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन एमपी ऑनलाइन और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी समय पर आवेदन नहीं कर पाएंगे, उनके लिए विलंब शुल्क के साथ अतिरिक्त अवसर भी दिया गया है। 16 जुलाई से 22 जुलाई तक 3000 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। 23 जुलाई से 27 जुलाई तक 25 हजार रुपए विशेष विलंब शुल्क के साथ अंतिम अवसर मिलेगा। आवेदन में सुधार का भी मिलेगा मौका आयोग ने आवेदन पत्र में गलती सुधार के लिए भी समय निर्धारित किया है। अभ्यर्थी 30 जून से 17 जुलाई तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। प्रत्येक सुधार के लिए 50 रुपए का शुल्क देना होगा। मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड 3 अगस्त 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। आरक्षित वर्ग को 400, सामान्य वर्ग को 800 रुपए फीस मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क भी निर्धारित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश के एससी, एसटी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपए होगा। सामान्य वर्ग और मध्य प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को 800 रुपए आवेदन शुल्क देना होगा। 158 पदों पर होगी भर्ती, 4 हजार अभ्यर्थी देंगे मुख्य परीक्षा इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से प्रदेश में कुल 158 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। एमपीपीएससी के ओएसडी रविंद्र पंचभाई के अनुसार राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में करीब 4 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जारी शेड्यूल में दो पेपर UPSC मुख्य परीक्षा से टकरा रहे थे। ऐसे में दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी होती। छात्रों के हित और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आयोग ने बैठक कर नया परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। MPPSC के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अब UPSC और MPPSC दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवार बिना तारीखों के टकराव के अपनी परीक्षा दे सकेंगे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बदला परीक्षा कार्यक्रम गौरतलब है कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा पहले 9 जून 2025 से आयोजित होनी थी, लेकिन हाईकोर्ट में दायर एक याचिका के कारण 2 अप्रैल 2025 को परीक्षा पर रोक लगा दी गई थी। करीब एक साल बाद 18 जून 2026 को हाईकोर्ट ने परीक्षा पर लगी रोक हटा दी। इसके बाद आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी किया, लेकिन UPSC मुख्य परीक्षा से तारीखें टकराने के कारण एक दिन बाद ही नया शेड्यूल जारी करना पड़ा। ……………………………………. यह खबर भी पढ़ें MPPSC मेंस परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग ने हाईकोर्ट के 18 जून 2026 के आदेश के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है। मुख्य परीक्षा प्रदेश के 12 शहरों में आयोजित की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…
