Homeमध्यप्रदेशभाजपा नेता को पेशाब कराने रात में खोला बैंक:बीजेपी के मंच पर...

भाजपा नेता को पेशाब कराने रात में खोला बैंक:बीजेपी के मंच पर चले थप्पड़-घूंसे; बंदूक लेकर निरीक्षण पर निकले इंजीनियर

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। टॉयलेट इस्तेमाल के लिए रात में खुलवाया बैंक
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर अपने भव्य स्वागत को लेकर पहले ही चर्चा में रहते हैं। अब वे एक नई वजह से सुर्खियों में हैं। उनके लिए रात में एक सहकारी बैंक का परिसर खोला गया, ताकि वे वहां बने टॉयलेट का इस्तेमाल कर सकें। हुआ यूं कि श्याम टेलर युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुरैना पहुंचे थे। आयोजन स्थल तक पहुंचने से पहले उन्हें टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस हुई। इस पर साथ चल रहे भाजपा नेताओं ने रात में ही एक सहकारी बैंक का परिसर खुलवा दिया। बैंक परिसर में बने टॉयलेट का इस्तेमाल करने के बाद वे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए। दिलचस्प बात यह है कि जिस स्थान पर युवा संवाद कार्यक्रम होना था, वहां भी टॉयलेट की व्यवस्था मौजूद थी। इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल से करीब 100 मीटर पहले स्थित बैंक परिसर में उन्हें ये सुविधा दी गई। बताया जा रहा है कि बैंक से जुड़े भाजपा नेताओं के कहने पर रात करीब साढ़े आठ बजे परिसर खोला गया। मामले के सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन की ओर से सफाई भी दी गई। प्रबंधन का कहना है कि केवल टॉयलेट इस्तेमाल कराने के लिए परिसर खोला गया था। कोई भी बैंक के अंदर नहीं गया। अब इस मामले में लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि ये भी एक तरह का वीआईपी कल्चर है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये तो कमाल हो गया और होगा भी, क्योंकि नेता जी सत्ता में हैं, रसूख बोलता है। भरे मंच पर भाजपा नेताओं में हो गई मारपीट
मैहर में भाजपा के मंच पर जमकर थप्पड़ और घूंसे चले। पार्टी के दो नेता भरे मंच पर ही आपस में भिड़ गए। करीब हफ्तेभर पुरानी इस घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद भाजपा की किरकिरी हो रही है। दरअसल, मैहर के ताला मंडल में 12 जून को भाजपा की ओर से ’12 साल बेमिसाल जनचौपाल’ का आयोजन किया गया था। लेकिन जनचौपाल कुछ ही देर में दंगल में बदल गई। किसी बात पर भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी और पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। जब यह घटनाक्रम हुआ, उस समय मंच पर सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद थे। बाद में नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। अब इस मामले पर खूब चुटकियां ली जा रही हैं। लोग कह रहे हैं कि भाजपा को यूं ही ‘पार्टी विद डिफरेंस’ नहीं कहा जाता। यहां पारदर्शिता ऐसी है कि मतभेद भी पर्दे के पीछे नहीं, सीधे मंच पर दिखाई देते हैं। फैसला लेने में भी देर नहीं लगी- बात बढ़ी और मंच पर ही थप्पड़-घूंसों का दौर शुरू हो गया। सब इंजीनियर का बंदूक लेकर निरीक्षण कार्य
सतना में एक सब इंजीनियर हाथ में बंदूक लेकर सरकारी निर्माण कार्यों के निरीक्षण पर पहुंच गए। उनका यह अंदाज देखकर ग्रामीण न सिर्फ सहम गए, बल्कि हैरान भी रह गए। मामला जिले की मझगवां जनपद के एक गांव का है। लोगों का कहना है कि जब कोई अधिकारी हाथ में बंदूक लेकर निरीक्षण करने पहुंचेगा, तो भला कौन निर्माण कार्यों पर सवाल उठाने या शिकायत करने की हिम्मत करेगा? लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि आखिर निरीक्षण के दौरान बंदूक साथ ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी। यदि सुरक्षा को लेकर कोई आशंका थी, तो इसकी जानकारी पुलिस को देकर सुरक्षा ली जा सकती थी। ऐसे में खुलेआम बंदूक लेकर निरीक्षण करने से लोगों में डर और असहजता का माहौल बना। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया गया है। और अब अंदर की बात.. आयोग के अध्यक्ष को सरकारी गाड़ी का इंतजार
मध्य प्रदेश के एक आयोग के अध्यक्ष को दफ्तर तो मिल गया, लेकिन सरकारी गाड़ी का इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ है। वाहन नहीं मिलने से वे कुछ परेशान बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनका आना-जाना स्कूटर से ही हो रहा है। दिलचस्प बात यह है कि आयोग के इन अध्यक्ष की गिनती मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं में होती है। वे सीएम हाउस भी अक्सर स्कूटर से ही पहुंचते हैं। चर्चा है कि उनके वाहन आवंटन की फाइल एक महिला अधिकारी ने अड़ंगा लगा रखा है। इनपुट सहयोग – दुष्यंत सिकरवार (मुरैना), जयदेव विश्वकर्मा (मैहर) प्रशांत द्विवेदी (सतना) ये भी पढ़ें –
शिवराज के गुस्से का एक और VIDEO, स्वागत पर भड़के: दिग्विजय को भाजपा में आने का न्योता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गुस्से का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें वे एक कार्यक्रम में लंबे चले स्वागत क्रम पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। शिवराज माइक थाम कर कहते हैं कि अब कोई स्वागत नहीं होगा। इतना स्वागत काफी है। इसका स्वागत करो, उसको भेंट करो, इसको भेंट करो… ये सब खत्म करो। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here