इंदौर में प्रदेश में पहली बार ‘जिप्प फ्यूल’ नाम से डीजल की होम डिलीवरी सेवा शुरू की गई है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के डीलर ने पलसीकर कॉलोनी स्थित पेट्रो फिलिंग स्टेशन से यह पहल शुरू की है। इसके तहत उपभोक्ता अब घर या कार्यस्थल से ही डीजल मंगा सकेंगे। इंदौर पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और पेट्रो फिलिंग स्टेशन के संचालक राजेंद्र सिंह वासु ने बताया कि इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ 19 जून को किया गया है। इसके तहत ग्राहकों को डीजल PESO (पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन) द्वारा अनुमोदित सुरक्षा कैन में सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। यह डीजल के परिवहन और स्टोरेज संबंधी सरकारी मानकों के अनुरूप हैं। ग्राहकों की परेशानी का समाधान हाल ही में डीजल वितरण के नियमों को सख्ती से लागू किए जाने के बाद केवल अनुमोदित कंटेनरों में ही डीजल देने की व्यवस्था लागू हुई थी। इसके चलते जनरेटर, कृषि उपकरण, निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनों और औद्योगिक जरूरतों के लिए डीजल लेने वाले कई उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वासु ने बताया कि इसी समस्या के समाधान के लिए यह सेवा शुरू की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और नियमानुसार डीजल उपलब्ध कराया जा सके। उनका दावा है कि यह इंदौर ही नहीं बल्कि प्रदेश की पहली ‘जिप्प फ्यूल’ सेवा है। वाट्सएप नंबर से ग्राहक करेंगे ऑर्डर इस सेवा का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को वाट्सएप नंबर 8839818718 पर उपलब्ध ऑटोमैटिक व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से ऑर्डर करना होगा। चैटबॉट ग्राहकों को डीजल की मात्रा, डिलीवरी का पता, पसंदीदा समय और भुगतान विकल्प चुनने की सुविधा देगा। चार घंटे में डिलीवरी का दावा शुरुआती चरण में यह सेवा इंदौर शहर के अधिकांश क्षेत्रों में उपलब्ध रहेगी। मांग और दूरी के आधार पर ग्राहकों को अधिकतम चार घंटे में डीजल की आपूर्ति करने का लक्ष्य रखा गया है। माप और सुरक्षा का विशेष ध्यान प्रत्येक डिलीवरी वाहन में प्रमाणित माप उपकरण लगाए गए हैं, जिनमें पांच लीटर क्षमता का कैलिब्रेटेड माप यंत्र भी शामिल है। इससे ग्राहकों को ऑर्डर की गई डीजल की सटीक मात्रा मिलने की गारंटी रहेगी। वासु का कहना है कि यह पहल भविष्य में शहरी क्षेत्रों में डीजल वितरण का नया मॉडल साबित हो सकती है, जहां सुविधाजनक सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
