बैतूल शहर के सदर क्षेत्र में स्थित बीआरसी कार्यालय, बीईओ कार्यालय और एक मंदिर को अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में निशाना बनाया। घटना को रविवार रात अंजाम दिया गया। बदमाशों ने दोनों सरकारी कार्यालयों के कई कमरों के ताले तोड़े और दस्तावेजों की तलाश की। वहीं, मंदिर की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। तीन कमरों के ताले तोड़कर डॉक्यूमेंट खंगाले
जानकारी के अनुसार, बदमाश मुख्य प्रवेश द्वार का ताला तोड़े बिना बीआरसी कार्यालय परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने तीन कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखी अलमारियों और डॉक्यूमेंट को खंगाला। कार्यालय में फाइलें और रिकॉर्ड बिखरे हुए पाए गए। बदमाशों ने अपनी गतिविधियों को रिकॉर्ड होने से रोकने के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी और कंप्यूटर सिस्टम के कनेक्शन भी काट दिए थे। दोनों ऑफिस में जांच जारी
कार्यालय कर्मचारियों के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या रिकॉर्ड गायब हुआ है या नहीं। सभी फाइलों और अभिलेखों की जांच की जा रही है। बदमाशों ने इसके बाद समीप स्थित बीईओ कार्यालय के दो कमरों के ताले भी तोड़े और वहां भी दस्तावेजों की तलाश की। कार्यालयों को निशाना बनाने के साथ ही चोरों ने परिसर के पास स्थित मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई देवकरण डहेरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीआई डहेरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बदमाशों का उद्देश्य किसी विशेष दस्तावेज या विभागीय फाइल तक पहुंचना हो सकता है। कार्यालयों में अन्य सामान सुरक्षित मिला है, जिससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि चोरी के बजाय कुछ विशेष दस्तावेजों की तलाश की गई हो। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग के कर्मचारियों से भी पूछताछ जारी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही विभागीय कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
