सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां डूब गए। इनमें से एक युवती का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। यह घटना मैहर जिले से आए एक परिवार और उनके रिश्तेदारों के साथ हुई। जानकारी के अनुसार, सभी नदी में नहा रहे थे तभी वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते डूब गए। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे मिली। तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस और खड्डी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। तलाश अभियान के दौरान, एक युवती का शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला। शव की पहचान ज्योति सेन (24) निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। रेक्स्यू कर रही टीम तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि बचाव दल को तत्काल बुलाया गया है। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी में लापता अन्य तीन लोगों की लगातार तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाए। नदी के गहरे भंवर और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र खतरनाक माना जाता है। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है। नाबालिग लड़किया समेत ये तीन लापता हादसे में लापता हुए लोगों में सुभि सेन (15) पिता रामदयाल सेन, नीलू बैस (22) पिता लल्लू बैस (दोनों निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर) और लखन केवट (26) पिता मोहनलाल केवट, निवासी घोगटपुर, जिला राजगढ़ शामिल हैं। भंवरसेन घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग पिकनिक और स्नान के लिए आते हैं। घटनास्थल की अन्य तस्वीरें…
