छतरपुर में चर्चित एमसीएक्स (MCX) ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े व्यापारी राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने रविवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम राशि 5 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी। इसके साथ ही, शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर वांटेड आरोपियों के फोटोयुक्त पोस्टर भी लगाए। पोस्टर लगाने की यह कार्रवाई देर रात अपोलो क्रॉस मार्केट और अंतरराज्यीय बस स्टैंड क्षेत्र से शुरू हुई। इसके बाद चौबे तिराहा, डाकखाना चौराहा, रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए आम लोगों से फरार आरोपियों के बारे में जानकारी देने की अपील की जा रही है। पोस्टर पर आरोपियों को फोटो और नाम
सब इंस्पेक्टर अंकुर चौबे ने बताया कि पोस्टरों में शरद अग्रवाल, कल्लू कलई, अनवर खान, सुरेश नगरिया और मोनू उर्फ दीपक अग्रवाल के नाम और तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं। पुलिस इन सभी आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है, लेकिन वे अब तक फरार हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जिले और आसपास के क्षेत्रों की पुलिस इकाइयों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इस पोस्टर अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की मदद से फरार आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचना है। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें इन आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल नजदीकी थाने, पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उल्लेखनीय है कि एमसीएक्स ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े विवादों के चलते व्यापारी राजेश अग्रवाल की आत्महत्या का यह मामला शहर में काफी चर्चा में रहा है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस पर लगातार दबाव है। एसपी रजत सकलेचा का कहना है कि पब्लिक स्थानों पर और जहां पर आरोपियों के मिलने की संभावना है वहां पोस्टर लगाए गए हैं। ताकि लोग पहचान कर सूचना दे सकें। ये खबरें भी पढ़ें… पत्नी रोटियां बनाती रही…कमरे में पड़ी थी पति की लाश छतरपुर जिले में स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के बंद कमरे में शव मिला। शव जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ा था। नाक से खून बह रहा था। कमरे में लैपटॉप चालू हालत में था, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइट खुली हुई थी। ओरछा रोड थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक यादव के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर का रहने वाला है। परिवार ने वहां का मकान बेच दिया था। पूरी खबर पढ़िए… मां-भाभी-भतीजे को साथ ले जाते कहते रो पड़ीं बहनें; बेटा बोला- पापा को नींद आ गई दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम राजेश अग्रवाल के घर पहुंची। इस दौरान राजेश की पत्नी वर्षा अग्रवाल और 15 साल के बेटे रौनक अग्रवाल से बातचीत करने की कोशिश की। दोनों को राजेश की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्हें लग रहा है कि राजेश अभी जिंदा है। पूरी स्टोरी पढ़िए…
