केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) नियुक्त किया है। सेठ अभी उप सेना प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर कार्यरत हैं। वह मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे। जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल जून 2026 तक है। उन्होंने 30 जून 2024 को आर्मी चीफ का पद संभाला था। आर्मी चीफ का कार्यकाल 3 साल या 62 साल की उम्र (दोनों में जो भी पहले पूरा हो) तक होता है। दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर की प्रतिष्ठित सेकेंड लांसर्स (गार्डनर्स हॉर्स) रेजिमेंट में कमीशन हासिल करने वाले धीरज सेठ के पास करीब चार दशक का सैन्य अनुभव है। उन्होंने रेगिस्तानी क्षेत्रों, स्ट्राइक फॉर्मेशन और जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी अभियानों का नेतृत्व किया है। अपने अब तक के सैन्य करियर में वे दक्षिणी कमान, दक्षिण-पश्चिमी कमान, XXI स्ट्राइक कोर और दिल्ली एरिया जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं की कमान संभाल चुके हैं। सेठ नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्हें उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
