Homeमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश लीग के मुकाबले:रीवा जैगुआर्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 31 रनों...

मध्यप्रदेश लीग के मुकाबले:रीवा जैगुआर्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 31 रनों से हराया; उज्जैन फालकन्स की रोमांचक जीत, बुंदेखंड बुल्स भी जीती

मध्यप्रदेश लीग के रोमांचक मुकाबले में रीवा जैगुआर्स ने इंदौर पिंक पैंथर्स को 31 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा जैगुआर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अनंत वर्मा ने तूफानी अंदाज में नाबाद 71 रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों की पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े। वहीं सागर सोलंकी ने भी 28 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं मालवा स्टैलियंस और बुंदेलखंड बुल्स के बीच रोमांचक मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स ने जीत दर्ज की। मालवा की टीम ने पहले खेलते हुए 215 रन बनाए। जवाब में उतरी बुंदेलखंड बुल्स की टीम ने 7 विकेट पर 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पिंक पैंथर्स के गेंदबाज रन रोकने में असफल रहे इंदौर पिंक पैंथर्स की ओर से अन्वेष चावला और शिवम शुक्ला को 2-2 विकेट मिले, लेकिन गेंदबाज रन रोकने में सफल नहीं हो सके। 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स की शुरुआत खराब रही। हालांकि सिद्धार्थ पाटीदार (27), करण तहलियानी (28), शुभम राठौर (28) और शिवम शुक्ला (36) ने तेज रन बनाकर मुकाबले में बने रहने की कोशिश की, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 19.3 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। रीवा जैगुआर्स की ओर से अंकित सिंह कुशवाह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं रामवीर सिंह गुर्जर, रोहित राजावत और पृथ्वीराज तोमर ने 2-2 विकेट लेकर इंदौर की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा। इस जीत के साथ रीवा जैगुआर्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अंतिम ओवर में जीता बुंदेलखंड बुल्स ने मैच
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के एक बेहद रोमांचक और रिकॉर्ड तोड़ मुकाबले में बुधवार रात बुंदेलखंड बुल्स ने मालवा स्टैलियंस को 3 विकेट से हरा दिया। होलकर स्टेडियम की सपाट पिच पर चौके-छक्कों की ऐसी आंधी आई जिसने दर्शकों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मालवा स्टैलियंस ने अंश यादव (81) के विस्फोटक अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 215 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में बुंदेलखंड बुल्स ने ऑलराउंडर शिवांग कुमार (65) की सिर्फ 17 गेंदों में खेली गई अकल्पनीय पारी के दम पर 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 219 रन बनाते हुए इस एवरेस्ट जैसे लक्ष्य को बौना साबित कर दिया। अंश यादव का धमाका, मालवा ने बोर्ड पर टांगे 215 रन
इससे पहले, मालवा स्टैलियंस की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर सक्षम पुरोहित (26 गेंदों में 40 रन, 7 चौके) और अंश यादव ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 6.5 ओवर में 79 रनों की पार्टनरशिप कर डाली। अंश यादव ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए महज 44 गेंदों में 5 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 81 रनों की आतिशी पारी खेली।
मध्यक्रम में अखिल निगोते यादव ने 25 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि कप्तान आशुतोष शर्मा ने सिर्फ 8 गेंदों में 3 छक्के उड़ाकर 25 रन बना डाले। अंत में पार्थ साहनी के 10 गेंदों में नाबाद 20 रनों की बदौलत मालवा ने 215 रनों का पहाड़ खड़ा किया। बुंदेलखंड की ओर से गेंदबाजी में भूमेश मुजालदा बेहद किफायती रहे, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि शिवांग कुमार और अनंत दुबे को 2-2 विकेट मिले। शिवांग कुमार का ‘कहर’, पावरप्ले में बुल्स ने कूट दिए 88 रन
216 रनों के बेहद कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स को कप्तान अभिषेक पाठक (11 गेंदों में 22 रन) ने तेज शुरुआत दी, लेकिन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए शिवांग कुमार ने टी-20 क्रिकेट के इतिहास की सबसे विस्फोटक पारियों में से एक खेल डाली। शिवांग ने महज 17 गेंदों का सामना किया और 7 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए 65 रन ठोक दिए। उन्होंने हर्ष गवली के साथ मिलकर सिर्फ 25 गेंदों में 72 रनों की साझेदारी की। इस आतिशबाजी के दम पर बुंदेलखंड ने पावरप्ले के 6 ओवरों में ही रिकॉर्ड 88 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। मध्यक्रम डगमगाया, अमन जैन ने अंत में दिलाई खिताबी जीत
99 के स्कोर पर शिवांग के आउट होने के बाद मालवा के गेंदबाजों ने मैच में वापसी की कोशिश की। पार्थ गोस्वामी (22) और विक्रांत भदौरिया (21 गेंदों में 43 रन, 4 चौके, 3 छक्के) ने स्कोर को आगे बढ़ाया, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से मैच आखिरी ओवरों में फंस गया। गौतम जोशी ने 12 गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
जब आखिरी दो ओवरों में रन चाहिए थे, तब अमन जैन ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन नमूना पेश किया। अमन ने महज 8 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 17 रन बनाकर 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर टीम को 7 विकेट खोकर ऐतिहासिक जीत दिला दी। मालवा की ओर से पार्थ साहनी, प्रशांत कासदे और पवन यादव ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे शिवांग के तूफान से हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सके। उज्जैन फाल्कन्स ने दर्ज की 16 रनों से रोमांचक जीत उज्जैन फाल्कन्स ने शानदार वापसी करते हुए भोपाल लेपर्ड्स को 16 रनों से शिकस्त दे दी। होलकर स्टेडियम पर खेले गए इस बेहद उतार-चढ़ाव वाले मैच में उज्जैन के संकटमोचक ऑलराउंडर माधव तिवारी चमके। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स की टीम ने एक समय 102 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन माधव तिवारी के नाबाद 61 रनों के तूफानी अर्धशतक की मदद से टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 195 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में रनों का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स को सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले में विस्फोटक शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बावजूद पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 179 रन ही बना सकी। शुरुआती झटकों के बाद संभली उज्जैन, माधव तिवारी ने अंतिम ओवरों में मचाई तबाही
इससे पहले, भोपाल लेपर्ड्स के कप्तान अनिकेत वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय शुरुआती ओवरों में सही साबित हुआ जब उज्जैन के इन-फॉर्म बल्लेबाज सोहम पटवर्धन (0) और कप्तान चंचल राठौर (8) महज 9 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। दर्शन राठौर भी सिर्फ 2 रन बना सके। ऐसे संकट में सलामी बल्लेबाज यश दुबे ने 31 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 54 रनों की बेहद कीमती अर्धशतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में हर्षवर्धन हर्डिया ने भी 18 गेंदों में 32 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
असली ड्रामा आखिरी ओवरों में देखने को मिला जब नंबर-6 पर उतरे माधव तिवारी ने भोपाल के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। माधव ने महज 28 गेंदों का सामना किया और 6 चौकों व 4 छक्कों की बदौलत नाबाद 61 रनों की विस्फोटक पारी खेल डाली। उन्होंने ऋषि मिगलानी (15) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए सिर्फ 19 गेंदों में 46 रन जोड़े, जिससे उज्जैन 195 के मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी। भोपाल की ओर से प्रियांशु शुक्ला, अनुराग मालवीय और हिमांशु शिंदे को 2-2 विकेट मिले। राहुल चंदोल और तनिष्क की आंधी, पावरप्ले में भोपाल ने कूटे 72 रन
196 रनों के कड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स ने ऐसी शुरुआत की जिससे लगा कि मैच 15 ओवर में ही खत्म हो जाएगा। विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल चंदोल और तनिष्क यादव ने उज्जैन के गेंदबाजों पर कड़ा प्रहार किया। खासकर राहुल चंदोल ने महज 13 गेंदों में 2 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 31 रन ठोक दिए। दोनों ने सिर्फ 4.5 ओवर में 60 रन जोड़ दिए। भोपाल ने पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) में 72 रन बना लिए थे। तनिष्क यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 42 रनों की पारी खेली। कसी हुई गेंदबाजी में फंसा भोपाल का मिडिल ऑर्डर
जैसे ही राहुल चंदोल को माधव तिवारी ने और तनिष्क को आयुष मानकर ने आउट किया, भोपाल की रन गति पर अचानक ब्रेक लग गया। पवन निरवानी (17), सूरज यादव (22) और कप्तान अनिकेत वर्मा (14 गेंद में 18 रन) क्रीज पर सेट होने के बाद बड़े शॉट्स खेलने के चक्कर में विकेट गंवाते चले गए। हिमांशु शिंदे ने 16 गेंदों में 16 रन बनाए जिससे जरूरी रन रेट लगातार बढ़ता गया।
उज्जैन की तरफ से आयुष मानकर ने जोरदार गेंदबाजी की और अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन देकर 2 बड़े विकेट (तनिष्क और सूरज) चटकाए। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी जौहर दिखाते हुए माधव तिवारी ने 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 मुख्य विकेट (राहुल चंदोल और कप्तान अनिकेत) झटके। अंत में प्रांजुल पुरी ने 11 गेंदों में 2 छक्के उड़ाकर नाबाद 19 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके और भोपाल की पारी 179 रनों पर ठहर गई। परवीन और सौम्या के अर्धशतक से जीती रॉयल निमाड़ ईगल्स, ग्वालियर शेरनीज को 6 विकेट से दी शिकस्त मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग वीमेन्स टूर्नामेंट के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल निमाड़ ईगल्स वीमेन ने शानदार खेल दिखाते हुए ग्वालियर शेरनीज वीमेन को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्वालियर शेरनीज की टीम ने जे.कल्याणी (68) और एस.सोनिया (नाबाद 61) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 142 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। जवाब में रॉयल निमाड़ ईगल्स की टीम ने एनएम परवीन (68) और टी.सौम्या (नाबाद 52) के दमदार अर्धशतकों के दम पर 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्वालियर शेरनीज की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज एस. हर्षिता (0) और निकिता सिंह (0) के विकेट पहले ही ओवर में गंवा दिए थे। इसके बाद एस.सोनिया और जे.कल्याणी ने मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा।
जे.कल्याणी ने 60 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 68 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दूसरे छोर से एस.सोनिया ने अंत तक एंकर की भूमिका निभाते हुए 49 गेंदों में 2 चौकों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। आखिरी ओवरों में वाई.मुस्कान ने 5 गेंदों में 1 छक्के की मदद से नाबाद 9 रन जोड़े, जिसके चलते ग्वालियर ने 142 रनों का स्कोर खड़ा किया। रॉयल निमाड़ की ओर से रिया ने 35 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि मुस्कान और वाणी को 1-1 विकेट मिला। परवीन और सौम्या की मैच जिताऊ पारियां
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स की शुरुआत भी खराब रही और ओपनर पी.आशना खाता खोले बिना ही तनिष्का सेन का शिकार बन गईं। इसके बाद सलामी बल्लेबाज एनएम परवीन और टी. सौम्या ने ग्वालियर के गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोल दिया। परवीन ने 53 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 68 रनों की कप्तानी पारी खेली।
दूसरे छोर से टी.सौम्या ने शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया और 46 गेंदों में 6 चौकों की मदद से नाबाद 52 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। बीच में वाई.सोनम (13) और डी. श्रेया (7) जल्दी आउट हो गईं, लेकिन सौम्या ने धैर्य बनाए रखा और 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर वाई. खुशी (नाबाद 4) के साथ मिलकर टीम को 6 विकेट से एक यादगार जीत दिला दी। ग्वालियर शेरनीज की तरफ से तनिष्का सेन सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 27 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि कल्याणी को 1 सफलता मिली।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here