Homeमध्यप्रदेशईरान के हमले में उज्जैन के मंजूर अहमद की मौत:भांजी की शादी...

ईरान के हमले में उज्जैन के मंजूर अहमद की मौत:भांजी की शादी में आने वाले थे; फ्लाइट का इंतजार करते वक्त हमला हुआ था

ईरान के हमले में कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान उज्जैन निवासी मंजूर अहमद (50) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह कुवैत एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर हुए ड्रोन और मिसाइल हमले में मंजूर अहमद की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य लोग घायल हुए हैं। हमले में टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है। मंजूर अहमद की मौत की खबर मिलते ही उज्जैन की राज रॉयल कॉलोनी स्थित उनके घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का पहुंचना शुरू हो गया। परिवार में शोक का माहौल है। शादी में शामिल होने उज्जैन आने वाले थे मंजूर अहमद के बेटे मोहम्मद अनस ने बताया कि उनके पिता 8 जून को रतलाम में होने वाली अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आ रहे थे। मंगलवार शाम को उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वे कुवैत से मुंबई पहुंचेंगे और फिर ट्रेन से नागदा आएंगे, जहां से परिवार उन्हें लेने जाने वाला था। अनस ने कहा कि उनके पिता पिछले करीब 30 सालों से कुवैत में रहकर परिवार के लिए मेहनत कर रहे थे। वे आखिरी बार अक्टूबर 2025 में घर आए थे। उस समय उन्होंने परिवार से कहा था कि अब जल्दी-जल्दी घर आया करेंगे। फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, तभी हुआ हमला परिजनों के अनुसार मंजूर अहमद की 3 जून को कुवैत से मुंबई की फ्लाइट थी और उन्हें 4 जून की सुबह उज्जैन पहुंचना था। बताया जा रहा है कि वे फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर मौजूद थे, तभी ड्रोन और मिसाइल हमला हुआ। हमले में एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल को भारी नुकसान पहुंचा और मंजूर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में कमाने वाले अकेले थे मंजूर अहमद अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा और दोनों बेटियां अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी मंजूर अहमद के कंधों पर थी। बेहतर भविष्य और बच्चों की शिक्षा के लिए वे सालों से विदेश में रहकर मेहनत कर रहे थे। परिजनों के अनुसार मंजूर अहमद दुबई में टेलरिंग का काम करते थे और पिछले करीब 30 सालों से परिवार से दूर रहकर रोजी-रोटी कमा रहे थे। शव लाने की प्रक्रिया शुरू परिवार के सदस्य मोहम्मद सलीम ने बताया कि मंजूर अहमद का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना है कि शव गुरुवार को कुवैत से अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद उसे सड़क मार्ग से उज्जैन लाया जाएगा। यदि औपचारिकताओं में देरी नहीं हुई तो अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। कुवैत एयरपोर्ट हमले की भारत ने निंदा की भारत सरकार ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य भारतीय घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से भारत लगातार यह कहता रहा है कि आम नागरिकों और नागरिक सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमले तुरंत रोकने की अपील की है। ईरान ने कुवैत-बहरीन को जिम्मेदार ठहराया ईरान ने अमेरिका के हालिया हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि ये युद्धविराम और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि कुवैत और बहरीन इन हमलों के लिए “सीधे और साफ तौर पर जिम्मेदार” हैं, क्योंकि उनके इलाके और सैन्य सुविधाओं का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ अमेरिकी ऑपरेशन में किया गया। तेहरान ने कहा कि उसे आत्मरक्षा का अधिकार है और भविष्य में किसी भी हमले के स्रोत को निशाना बनाने समेत हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी हमले में भारतीय की मौत कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हैं। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शोक जताया है। कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कई लोगों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद 25 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पूरी खबर पढ़ें…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here