Homeमध्यप्रदेशबैतूल में अजय सिंह बोले- BJP में ज्यादा गुटबाजी:कहा- कांग्रेस को राज्यसभा...

बैतूल में अजय सिंह बोले- BJP में ज्यादा गुटबाजी:कहा- कांग्रेस को राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग का खतरा नहीं; किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ मंगलवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने यहां कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक ली, जिसमें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने, जनता के बीच सक्रिय रहने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्यसभा चुनाव, कांग्रेस में गुटबाजी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान और गेहूं-मूंग खरीदी सहित कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। मध्यप्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का कोई डर नहीं है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी सही समय पर अपना उम्मीदवार घोषित करेगी और इस संबंध में कोई संशय नहीं है। बोले- कांग्रेस विधायकों में एकजुटता
उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस विधायक पूरी एकजुटता के साथ पार्टी के निर्णय का समर्थन करेंगे। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर अजय सिंह ने स्वीकार किया कि पार्टी में गुटबाजी रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई छिपी हुई बात नहीं है और सभी राजनीतिक दलों में अलग-अलग समूह होते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में कांग्रेस से अधिक गुटबाजी दिखाई देती है। अजय सिंह ने कहा, “कोई नरेंद्र सिंह तोमर के साथ है, कोई खंडेलवाल के साथ है, कोई शिवराज सिंह चौहान के साथ है तो कोई प्रह्लाद पटेल के साथ है। अलग-अलग समूह हर दल में होते हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि कांग्रेस की गुटबाजी समाप्त हो और सभी नेता-कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ें।”
कहा- मुख्यमंत्री का बयान अशोभनीय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा की गई कथित “दो कौड़ी” वाली टिप्पणी पर अजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री ने आज तक किसी प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल के प्रदेश अध्यक्ष के बारे में इस प्रकार की भाषा का उपयोग नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान अशोभनीय, निंदनीय और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। प्रदेश के मुखिया को ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में गरिमा और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। भाजपा नेतृत्व पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री के बयान पर भाजपा नेतृत्व द्वारा कोई कार्रवाई या संज्ञान नहीं लिए जाने के सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भाजपा नेताओं को अब यह भी समझ नहीं आ रहा कि कौन सी बात मर्यादित है और कौन सी अशोभनीय। गेहूं और मूंग खरीदी में अव्यवस्थाओं का आरोप
प्रदेश में गेहूं और मूंग खरीदी के दौरान किसानों को हो रही परेशानियों पर भी कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बारदानों की कमी बताई जा रही है, जबकि कहीं पोर्टल नहीं खुलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर खरीदी प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की खरीदी किसी भी बहाने से नहीं रुकनी चाहिए। उनका दावा था कि सरकार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण खरीदी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और प्रदेश में जनहित के सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here