अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL के रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इंदौर के होनहार खिलाड़ी रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस महाविजय के बाद पूरे देश सहित मध्य प्रदेश के इंदौर और झाबुआ जिले में भारी उत्साह देखा जा रहा है। झाबुआ के करवड़ गांव में है ससुराल आईपीएल चैंपियन टीम के कप्तान रजत पाटीदार मूल रूप से देवास जिले के इकलेरा गांव के रहने वाले हैं और उनका परिवार इंदौर में निवास करता है। इसके साथ ही उनका झाबुआ जिले से भी बेहद खास और अटूट संबंध है, क्योंकि उनकी ससुराल झाबुआ जिले के ग्राम करवड़ में स्थित है। पत्नी ने की थी विशेष पूजा तीन साल पहले रजत पाटीदार का विवाह करवड़ निवासी व हार्डवेयर व्यवसायी कमल किशोर पाटीदार की बेटी गुंजन पाटीदार के साथ हुआ था। पति रजत और उनकी टीम की सफलता के लिए गुंजन ने गहरी धार्मिक आस्था बनाए रखी थी। पिछले साल आईपीएल सीजन के दौरान उन्होंने रजत पाटीदार के साथ श्री कृष्ण कामधेनु गौशाला पहुंचकर पीठाधीश्वर डॉ. देवेंद्र शास्त्री के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान भी किया था। अहमदाबाद स्टेडियम पहुंचे थे ससुर इस ऐतिहासिक और रोमांचक फाइनल मैच का गवाह बनने के लिए रजत पाटीदार के ससुर कमल किशोर पाटीदार अपने पूरे परिवार और रिश्तेदारों (मामा ससुर) के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम में हाथों में टीम का झंडा थामे अपने दामाद को लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी उठाते देखना पूरे पाटीदार परिवार के लिए अत्यंत गौरवशाली और भावुक पल रहा। ससुराल पक्ष में मिठाई बांटी पाटीदार परिवार ने बताया कि आरसीबी की इस लगातार दूसरी खिताबी जीत ने रजत पाटीदार को देश के सबसे सफल कप्तानों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। रजत की उपलब्धि पर झाबुआ के करवड़ गांव और ससुराल पक्ष में मिठाई बांटकर तथा आतिशबाजी कर विशेष जश्न मनाया जा रहा है।
