खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर में संभागीय खाद्य फ्लाइंग स्क्वाड ने शनिवार को मसाला निर्माण फैक्टरियों पर कार्रवाई की है। टीम ने खंडवा रोड स्थित विभिन्न मसाला निर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए और संदिग्ध खाद्य सामग्री का बड़ा भंडार जब्त किया। टीम ने खंडवा रोड स्थित कैलोद करताल क्षेत्र में संचालित राठौर ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर का निर्माण होते पाया गया। जांच के दौरान मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, खड़ा धनिया और धनिया दाल के कुल चार नमूने लेकर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण लैब भेजे गए। सौरभ स्पाइसेस में भी जांच इसके बाद टीम ने सौरभ स्पाइसेस प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। यहां से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और राई दाल के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए लैब भेजा जा रहा है। एच.के. फूड से करीब 9 लाख का स्टॉक जब्त कार्रवाई के दौरान एच.के. फूड में मिर्च पाउडर और नूडल्स मसाला के सैंपल लिए गए। निरीक्षण में खाद्य सामग्री संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने शेष स्टॉक को सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया। मौके से लगभग 998 किलो मिर्च पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 2.99 लाख रुपये है और 2398 किलो नूडल्स मसाला, जिसकी कीमत करीब 5.99 लाख रुपए आंकी गई है, जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 3396 किलोखाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8.99 लाख रुपए है, को जांच पूरी होने तक सुरक्षित रखा गया है। रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी सैंपलों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
