मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक आवारा कुत्ते ने ढाई साल की बच्ची पर हमला कर दिया। घर के बाहर खेल रही बच्ची के चेहरे को कुत्ते ने अपने जबड़ों में जकड़ लिया। परिजनों और आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। बच्ची को करीब 35 टांके लगाने पड़े। कुत्ते के हमले में एक अन्य बच्चे के सिर की खाल तक उधड़ गई। उसे 28 टांके लगाने पड़े। वहीं कमलागंज निवासी नितेश जाटव पर हुए हमले में उन्हें 22 टांके लगाने पड़े। दरअसल, शनिवार को एक ही आवारा कुत्ते ने पूरे शिवपुरी शहर में आतंक मचा दिया। सुबह से शाम तक उसने बच्चों, महिलाओं और पुरुषों समेत 65 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। कई घंटे की तलाश के बाद नगर पालिका की टीम ने शाम करीब 7 बजे कुत्ते को पकड़ लिया। 8 साल की बच्ची समेत कई लोग घायल सबसे गंभीर हमला महल के पीछे लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड पर हुआ। बचाव के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी कुत्ते ने काट लिया। शाम करीब साढ़े तीन बजे महल क्षेत्र में रहने वाली 8 वर्षीय वंशिका भी कुत्ते के हमले का शिकार हो गई। निगम कर्मचारी की पत्नी भी घायल इसके अलावा विजयपुरम निवासी बलराम सिंह रावत, पंचर दुकान संचालक आजाद खान और नगर पालिका कर्मचारी अशोक खरे की पत्नी को भी कुत्ते ने काट लिया। बलराम सिंह रावत ने बताया कि कुत्ता दौड़ते हुए आया, पहले एक कार से टकराया और फिर उन पर हमला कर भाग गया। फल व्यापारी पर हमला, CCTV में कैद ठंडी सड़क स्थित फ्रूट मंडी में फल व्यापारी रहीश राइन अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान कुत्ता वहां पहुंचा और उनके हाथ में काट लिया। पूरी घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें कुत्ता अचानक व्यापारी पर हमला करता दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में दिनभर रही दहशत हनुमान चौराहा, एमएम हॉस्पिटल, नवाब साहब रोड, खुड़ा बस्ती, कस्टम गेट, गांधी पार्क, फ्रूट मंडी और लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड समेत शहर के कई इलाकों में कुत्ते के हमले की सूचना मिली। लगातार हमलों के कारण लोगों में दहशत का माहौल रहा।
जिला अस्पताल में 65 घायल पहुंचे जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि सुबह से शाम तक 65 लोग कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों का उपचार किया गया। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन और अन्य जरूरी संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। शाम 7 बजे कुत्ता पकड़ा गया नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने बताया कि हमलावर कुत्ते को पकड़ने के लिए कई टीमें पूरे शहर में सर्च अभियान चला रही थीं। देर शाम करीब 7 बजे कुत्ते को पकड़ लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
