Homeमध्यप्रदेशधीरेंद्र शास्त्री बोले- नेताओं की सैलरी काटो, चार्टर्ड विमान रोको:दिग्विजय ने कहा-...

धीरेंद्र शास्त्री बोले- नेताओं की सैलरी काटो, चार्टर्ड विमान रोको:दिग्विजय ने कहा- हमारी कुंडली बना दो; कांग्रेस प्रवक्ता को बना दिया ‘भाजपा भक्त’

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। साधना से लौटे धीरेंद्र शास्त्री ने सुना दी खरी-खरी
एकांत में 21 दिन की साधना के बाद बद्रीनाथ धाम में कथा कर रहे पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने देश के हालात पर खरी-खरी बात कह डाली। पेट्रोल-डीजल बचाने से लेकर रुपया मजबूत करने तक, उन्होंने अपने अंदाज में नेताओं पर भी तंज कस दिया। धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया पर छाई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर कहा- भारत भी गजब है, जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं, उनकी पार्टियां बन गईं। लेकिन इससे यह सिद्ध होता है कि बेरोजगारी बढ़ रही है। भारत के युवाओं की चिंता होनी चाहिए। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए की गिरती कीमत पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- खूब कमाओ, डॉलर ज्यादा कमाओ। हमारा सपना है कि भारत का रुपया इतना मजबूत हो जाए कि अमेरिका वाले ट्रंप चच्चा 30 डॉलर दें और हम सिर्फ 1 रुपया दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- हमको एक बात से बहुत तकलीफ है। आम जनता से तो कहा गया कि डीजल-पेट्रोल कम जलाएं। काश, नेताओं के चार्टर्ड विमानों पर भी रोक लगाई जाती। सबसे ज्यादा ईंधन तो वहीं फूंका जाता है। उन्होंने आगे कहा- एक काम और होना चाहिए। तीन महीने के लिए नेताओं की सैलरी कट करनी चाहिए। भारत का रुपया कमजोर हो रहा है, उसे मजबूत करो। सब कुछ आम जनता ही करेगी क्या? अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि धीरेंद्र शास्त्री के इस ‘फार्मूले’ ने नेताओं की नींद उड़ा दी होगी। क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें अपना ‘छोटा भाई’ बता चुके हैं। ऐसे में लोग मजाक में कह रहे हैं कि कहीं ऐसा न हो कि बड़े भाई साहब, छोटे भाई की सलाह पर अमल ही शुरू कर दें। युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से हो गई गलती
मोदी सरकार को घेरने के चक्कर में युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी से ऐसी गलती हो गई, जिस पर अब भाजपा जमकर चुटकी ले रही है। दरअसल, श्रीनिवास बीवी ने अपनी ही पार्टी के प्रवक्ता को भाजपा का भक्त बता दिया। दरअसल, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बारोलिया मीडिया से बातचीत में मोदी सरकार की नीतियों पर निशाना साध रहे थे। वे कह रहे थे कि मोदी हैं तो सब बर्बाद है। इसी वीडियो को शेयर करते हुए श्रीनिवास बीवी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- भाजपा भक्तों की भी आंखें खुलने लगी हैं। बीजेपी भक्त कह रहा है, पहले कहते थे ‘मोदी हैं तो मुमकिन है’, अब कहते हैं ‘मोदी हैं तो बर्बादी है।’ अब भाजपा नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस के बड़े नेता अपने ही प्रदेश प्रवक्ताओं को नहीं पहचान पा रहे हैं, तो जनता के दुख-दर्द क्या समझेंगे। साथ ही सलाह भी दे डाली कि कांग्रेस नेताओं को थोड़ा घूमना-फिरना चाहिए और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलते-जुलते रहना चाहिए। कुंडली बनवाना चाहते हैं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मंच से पंडित जी से मुस्कुराते हुए कहा- महाराज, हमारी भी कुंडली बना दीजिए। दरअसल, दिग्विजय सिंह राघौगढ़ के भैंसाना गांव में आयोजित श्रीराम महायज्ञ के समापन कार्यक्रम में पहुंचे थे। धार्मिक आयोजन सफल रहने पर वे कार्यक्रम का मुहूर्त निकालने वाले पंडित जी की तारीफ कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपनी कुंडली बनवाने की बात कह दी। हालांकि, यह भी साफ कर दिया कि उन्हें कुंडली पर ज्यादा विश्वास नहीं है। दिग्विजय सिंह बोले- मेरी कुंडली हजारों लोगों ने बनाई, लेकिन किसी ने मुझे यह नहीं बताया कि मैं मुख्यमंत्री बनूंगा। हल्के-फुल्के अंदाज में हुई इस बातचीत को लेकर अब लोग भी चुटकी ले रहे हैं कि कहीं राजा साहब फिर से अपना ‘राजयोग’ तो नहीं टटोल रहे। वैसे दिग्विजय सिंह विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री तक का सफर तय कर चुके हैं। कहीं फिर कोई संभावना तो नहीं तलाश रहे। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में सीएम का मयूरासन
सीएम डॉ. मोहन यादव ने योग के मामले में एक बार फिर अपना कौशल दिखाया। उज्जैन में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने बेहतरीन संतुलन के साथ मयूरासन कर सबका ध्यान खींच लिया। सीएम का यह आसन देखकर वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। अब लोग कह रहे हैं कि योग हो या राजनीति, डॉ. मोहन यादव को हर जगह बैलेंस बनाने की कला में महारत हासिल है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), गौरव मिश्रा (खजुराहो), आशीष रघुवंशी (गुना), आनंद निगम (उज्जैन) ये भी पढ़ें –
मरीज के पैर दबाकर बोले मंत्री- मुझे फिर विधायक बनाना: कांग्रेस में लगी सीएम फेस की रेस मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी गजब ही करते हैं। वे ग्वालियर के सिविल अस्पताल हजीरा पहुंचे थे। यहां वे सीधे आईसीयू में गए और वहां भर्ती एक मरीज के पैर दबाने लगे। मंत्री ने इसे सेवा का नाम दिया, लेकिन इस सेवा का असली मकसद भी खुद ही जाहिर कर दिया। मरीज के पैर दबाते हुए उन्होंने कहा- अभी मुझे एक बार और एमएलए बनाना है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here