मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया, जिससे पुल पर ट्रॉली पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग पुलिया से गिरकर नीचे दब गए। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान पड़मनिया निवासी घनश्याम गोड़, वीर सिंह (50), भूपत सिंह (50) और गिंजरी निवासी सहबल बैगा के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। दो ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… पूजा करने उमरिया गए थे ग्रामीण स्थानीय लोगों ने बताया- अनूपपुर जिले के गिंजरी गांव के ग्रामीण परिवार सहित तिवनी जंगल में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। पूजा के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उमरिया-अनूपपुर बॉर्डर के पास तिवनी गांव की पुलिया पर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से करीब 10 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के दौरान ट्रॉली में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रॉली में 41 लोग थे सवार हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में 41 लोग सवार थे। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे में 37 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे बताए गए हैं। कई लोगों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू कर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से पाली अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर शाम तक भीड़ लगी रही। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पाली पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा पाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया गया है। मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रॉली में क्षमता से ज्यादा लोग तो सवार नहीं थे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं। …………………………………. यह खबर भी पढ़ें इंदौर में पिकअप ने 2 छात्राओं को उड़ाया मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी सवार 2 छात्राओं को टक्कर मार दी। टक्कर से छात्राएं 15-20 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही 2 सेकंड में मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। एक्सीडेंट एरोड्रम रोड पर हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…
