इंदौर के मेघदूत नगर में रहने वाले दंपती की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को सोमवार को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि पत्नी रोशनी की पहले गला दबाकर हत्या की गई, जिसके बाद पति हल्केवीर सिंह ने आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट में रोशनी के शरीर पर मारपीट जैसे कुछ निशान भी मिले हैं। हालांकि मामले में अभी दोनों परिवारों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक, डॉक्टरों ने हल्केवीर सिंह पटेल और उनकी पत्नी रोशनी की पीएम रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। रिपोर्ट में साफ तौर पर हत्या और आत्महत्या की बात सामने आई है। अब पुलिस रोशनी के भाई, बहन और अन्य रिश्तेदारों के बयान दर्ज करेगी ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें। इधर, हल्केवीर के परिवार को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उसने ऐसा कदम उठाया। परिजन पीथमपुर में रहने वाले किराएदारों और पड़ोसियों से लगातार जानकारी लेते रहे। वे दोनों के शव और घटनास्थल से जुड़े सबूतों को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। नई सिम लेने पहुंचा, फिर खा लिया जहर इस मामले में सतीश सांवले नाम के युवक का भी नाम सामने आया है। पुलिस ने उसके दो रिश्तेदारों को हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि इन्हीं में से एक रिश्तेदार ने फोन कर सतीश को दंपति की मौत की जानकारी दी थी। इसके बाद सतीश ने तुरंत अपना मोबाइल बंद कर लिया। उसे लगा कि अगर वह दूसरी सिम इस्तेमाल करेगा तो पुलिस से बच जाएगा। इसी सोच के तहत वह नई सिम लेने एक दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से पूछा कि “अगर दूसरी सिम डालूं तो क्या लोकेशन ट्रेस हो सकती है?” दुकानदार ने जब बताया कि नई सिम की जानकारी भी निकल सकती है, तो सतीश घबरा गया। इसके बाद उसने दुकान से जहर खरीदा और खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में पोरगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। 15 साल से पीथमपुर में कर रहा था काम जानकारी के मुताबिक, सतीश पिछले करीब 15 साल से पीथमपुर में काम कर रहा था। पांच साल पहले जब उसका कामकाज अच्छा चलने लगा, तो वह अपने माता-पिता को भी अपने साथ ले आया था। परिवार में उसका बड़ा भाई मनीष और माता-पिता हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर में पत्नी के मुंह में जहर ठूंसा:नहीं खाया तो गला घोंटकर मार डाला इंदौर में पत्नी की हत्या के बाद खुदकुशी करने वाले मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के प्रेमी और मामले के मुख्य आरोपी सतीश सावले ने भी रविवार शाम जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मेघदूत नगर निवासी हल्केवीर पटेल ने रविवार सुबह पत्नी रोशनी पटेल की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने पहले पत्नी को जबरन जहर खिलाने की कोशिश की। विरोध करने पर मारपीट की और फिर गला घोंट दिया।पूरी खबर पढ़ें
