8 साल के इंतजार के बाद आज शाम से कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खुल जाएगा। शाम 6 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसका उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद लोग इस ओवरब्रिज का इस्तेमाल कर सकेंगे। कचना ओवरब्रिज पर डामरीकरण समेत सभी काम 7 मई को ही पूरे हो चुके थे। लोकार्पण से पहले देर रात तक ब्रिज पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चलता रहा। अब तक यहां रेलवे फाटक बंद होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद शहर के 3 लाख से ज्यादा लोगों को सीधे राहत मिलेगी। ओवरब्रिज शुरू होने के पहले की तस्वीरें- 5-8 बजे तक ट्रैफिक रूट डायवर्ट ओवरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम के चलते शाम 5 बजे से 8 बजे तक खम्हारडीह-कचना रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अनुपम नगर से कचना जाने वाले वाहन श्रीराम नगर ओवरब्रिज और बीएसएनएल ऑफिस वाले रास्ते से जाएंगे। वहीं कचना से खम्हारडीह आने वाले वाहन भी इसी रूट से होकर निकलेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव, विधायक और स्थानीय पार्षद शामिल रहेंगे। हर 15 मिनट में बंद हो रहा फाटक रेलवे के मुताबिक खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर पिछले कुछ वर्षों में ट्रेनों की संख्या काफी बढ़ी है। अभी इस रूट से 24 घंटे में करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। यही वजह है कि औसतन हर 15 मिनट में फाटक बंद हो जाता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद अब लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश में रेलवे फाटक खुलने का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ये इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित होते थे पीडब्ल्यूडी ने करीब 8 साल पहले यहां ओवरब्रिज का प्लान बनाया था, लेकिन तब यह इलाका शहर का आउटर माना जाता था और ट्रैफिक दबाव भी कम था। अब दोनों ओर बड़ी कॉलोनियां बस चुकी हैं। वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर जैसे इलाकों की बड़ी आबादी इसी फाटक पर रोज फंस रही थी। अब ओवरब्रिज की सौगात के बाद जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है। 35 करोड़ की लागत से बना ओवरब्रिज कचना रेलवे फाटक पर 35 करोड़ रुपए की लागत से 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया गया है। यह ओवरब्रिज खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के आगे से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जाएगा। यह टू-लेन ओवरब्रिज है। …………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…. रायपुर में एक्सप्रेस-वे-2…मोवा से जोरा का सफर 10 मिनट में:नवा रायपुर, एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी, डबल-डेकर फ्लाईओवर बनेंगे, 7 बड़े सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा रायपुर में पंडरी और मोवा से जोरा, नया रायपुर और एयरपोर्ट जाने का रास्ता आने वाले दिनों में आसान होने वाला है। रोजाना ट्रैफिक में फंसने या सिग्नल पर रुकने की झंझट भी नहीं रहेगी। क्योंकि मोवा से जोरा के बीच 14.7 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे-2 बनने जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
