शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में किसान की मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात केशवाही वन परिक्षेत्र के गिरवा गांव में हुई, जब हाथी खेत में बने एक मकान में घुस गया। मृतक किसान की पहचान कुदरा टोला गिरवा निवासी छोटे लाल सिंह (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि किसान परिवार के साथ खेत में बने घर में रुके हुए थे। देर रात हाथी गांव की ओर पहुंचा। हाथी की आहट सुनकर परिवार के अन्य सदस्य घबराकर बाहर भाग गए, लेकिन किसान समय रहते बाहर नहीं निकल पाए। इसी दौरान हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमले में एक मवेशी की भी जान चली गई। मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार, यह हाथी पिछले कई दिनों से अनूपपुर और शहडोल जिले की सीमा पर विचरण कर रहा था। विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद हाथी आबादी वाले इलाके में घुस गया। वन विभाग अलर्ट, हाथी की निगरानी में जुटा केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि घटना के बाद हाथी करीब 20 किलोमीटर दूर अतरिया क्षेत्र की ओर चला गया है। वन अमला लगातार उसकी निगरानी कर रहा है ताकि किसी अन्य गांव में कोई नुकसान न हो। मृतक किसान के परिजनों को तत्काल राहत राशि और मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, ग्रामीणों में वन विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि हाथी की लगातार मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
