शादी का स्टेज सजा था…वरमाला देखने के लिए लोग मौजूद थे, तभी कुछ सेकंड बाद ऐसा कुछ हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया। मंत्र पढ़ते हुए पंडित ने जब दुल्हन से दूल्हे को माला पहनाने के लिए कहा तो वह सीधे दौड़ते हुए प्रेमी के पास पहुंच गई और उसे माला पहना दी। यह बिलकुल फिल्मी सीन की तरह था। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कोई कुछ समझ नहीं पाया। हालांकि, बाद में लोगों ने उसके प्रेमी को पीटा। वर और वधू पक्ष के बीच भी मारपीट हुई। दैनिक भास्कर ने जब मामले की पड़ताल की तो पता लगा कि लड़का-लड़की के बीच 5 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की तीन बार उसके साथ भागने की कोशिश भी कर चुकी। इतना ही नहीं, दोनों सामाजिक रूप से आपस में भाई-बहन लगते हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… दूल्हा-दुल्हन पक्ष में चली कुर्सियां, पुलिस ने वापस दिलाए गहने 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात उमरेठ थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह था। बारात में खूब आतिशबाजी हुई। दूल्हे के दोस्तों ने झूमकर डांस किया। विवाह स्थल पर बारातियों का अच्छे से स्वागत किया गया। दूल्हा स्टेज पर पहुंचा, उसके आने के बाद दुल्हन भी सहेलियों के साथ पहुंची। जब वरमाला का समय आया तो दुल्हन ने दूल्हे को माला पहनाने के बजाय प्रेमी को पहना दी। यह देख लोग सकपका गए। वधू पक्ष की ओर से उसके भाई ने सबसे पहले प्रेमी को पीटा। फिर भीड़ ने। इस बीच प्रेमी मौके का फायदा उठाकर भाग निकला, लेकिन घटनाक्रम से दूल्हा पक्ष नाराज हो गया। उनकी तरफ से कुछ लोगों और दुल्हन वालों के बीच हाथापाई हो गई। एक-दूसरों पर कुर्सियां फेंकने लगे। मामला थाने पहुंचा तो वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दुल्हन को दिए गहने वापस मांगे। पुलिस ने सामग्री वापस दिला दी और दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी। इसके बाद बारात वापस लौट गई। 5 साल से चला आ रहा प्रेम-प्रसंग हमने जब जानकारी ली तो पता चला कि 21 वर्षीय आरती (परिवर्तित नाम) और 25 साल के रितेश (परिवर्तित नाम) का 5 साल से प्रेम संबंध चला आ रहा था। आरती पहले भी तीन बार घर से भागने की कोशिश कर चुकी थी। उसके परिवार में सिर्फ मां और भाई हैं। ऐसे में जब वह भागती मां उसे शिकायत कर वापस बुला लेती। दोनों सामाजिक रूप से भाई-बहन आरती के परिवार को रितेश से चल रहे प्रेम प्रसंग का पता था, लेकिन सामाजिक रूप से दोनों भाई-बहन थे, इसलिए उनकी शादी के खिलाफ भी थे। दरअसल, आरती के परिवार में 6 देव की पूजा होती है, वहीं प्रेमी रितेश भी 6 देव पूजा वाले परिवार से ही आता है, जिसके चलते दोनों सामाजिक रूप से भाई-बहन होते हैं। इसके चलते दोनों के परिजन शादी के खिलाफ थे। आरती और रितेश का रिश्ता संभव नहीं था। लड़की की उम्र भी हो चली थी, इसलिए परिजनों ने उसके विवाह करने की योजना बनाई। उसका विवाह अविनाश (परिवर्तित नाम) से तय हुआ। अविनाश 7 देव पूजा वाले परिवार से आता है जो सामाजिक रूप से शादी के लिए अच्छे जोड़े के रूप में माना जाता है। उनके विवाह के लिए 27 अप्रैल की तारीख तय की गई। सदमे में दूल्हा, बात तक नहीं की आरती का परिवार सामान्य है। परिजन मजदूरी करते हैं। बताया जा रहा है कि इसी के चलते इस पूरी शादी का खर्च अविनाश के परिवार ने उठाया। शादी की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शादी परासिया के सबसे बड़े लॉन में हो रही थी। अविनाश के पिता WCL से रिटायर हैं। अविनाश भी अपनी पुश्तैनी खेती देखता है। वरमाला के समय जो कुछ भी हुआ, उसके बाद वह इस कदर आहत है कि वह चर्चा के लिए भी सामने नहीं आया। परिवार में भी पिता को दिल की बीमारी है, जिसके चलते इस पूरे घटनाक्रम के बाद से परिवार सदमे में है। प्रेमी-प्रेमिका को समाज से अलग किया आरती की इस हरकत की वजह से उसे सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर दिया गया है। अब वह देव पूजा में शामिल नहीं हो सकती। वहीं उसके प्रेमी रितेश के साथ भी यही किया गया। दोनों के परिजनों ने लिखित में भी यह पत्र दे दिया कि अब इन्हें परिवार से अलग कर दिया गया है और परिजनों का अब इनसे कोई नाता नहीं है। दोनों शादी करेंगे, इंदौर काम करने गए रितेश और आरती को समाज से भले ही निकाल दिया गया। वह भले ही सामाजिक रूप से भाई-बहन कहलाते रहें, लेकिन दोनों अब भी शादी करने को तैयार हैं। लोगों ने बताया कि उस दिन के बाद से ही दोनों गांव छोड़कर इंदौर चले गए। मामले में उमरेठ थाना प्रभारी ने बताया- दोनों परिवार शिकायत नहीं करना चाहते थे। वर पक्ष ने आवेदन देकर शादी में दुल्हन को दिया सामान वापस मांगा था। इसके अलावा उन्होंने कार्रवाई करने की बात नहीं कही। यह खबर भी पढ़ें प्रेमी को देख शादी के स्टेज से दौड़ी दुल्हन, VIDEO छिंदवाड़ा में वरमाला की रस्म के बीच प्रेमी पहुंचा तो दुल्हन ने स्टेज से दौड़ लगा दी। दूल्हे को छोड़कर प्रेमी के गले में माला डाल दी। मामला उमरेठ में 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात का है। मंगलवार को वर पक्ष ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। गुरुवार को दुल्हन के स्टेज से भागने का वीडियो भी सामने आ गया। पूरी खबर पढ़ें…
