उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र स्थित लालपुर बालगृह से तीन नाबालिग बच्चों के फरार होने का मामला सामने आया है। बच्चों ने बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भागने की वारदात को अंजाम दिया, जिससे बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार शाम करीब 7 बजे जब बालगृह में बच्चों की गिनती की गई, तो तीन बच्चे कम पाए गए। इसके बाद स्टाफ में हड़कंप मच गया। तुरंत पूरे इलाके में बच्चों की तलाश शुरू की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। जांच में सामने आया कि बच्चे बाथरूम की ग्रिल तोड़कर फरार हुए हैं। भागने वाले बच्चों में दो उज्जैन के और एक शाजापुर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शाजापुर का बच्चा एक हफ्ते पहले ही बालगृह में लाया गया था, जबकि उज्जैन के दोनों बच्चे करीब 6 महीने से यहां रह रहे थे। घटना की सूचना नागझिरी थाने को दी गई। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य संभावित स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक तीनों बच्चों का पता नहीं चल पाया। पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं यह पहली बार नहीं है जब इस बालगृह से बच्चे फरार हुए हैं। इससे पहले 20 जनवरी 2026 को भी दो नाबालिग बच्चे बाथरूम की ग्रिल और वेंटिलेशन तोड़कर भाग गए थे। वे सुबह करीब 5 बजे फरार हुए थे और अब तक उनका भी पता नहीं लग पाया है। इसके अलावा नवंबर 2023 में भी इसी बालगृह से तीन नाबालिग बच्चे कमरे की ग्रिल तोड़कर भाग गए थे। इनमें एक बच्चा मुंबई और दो राजस्थान के बताए गए थे। वे भी अब तक लापता हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
