शुजालपुर-आष्टा नेशनल हाईवे पर फिल्मी अंदाज में चलते ट्रक से सामान लूटने का एक मामला सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर 752 सी पर सोमवार दोपहर के समय हुई इस वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रहा है, जिसमें बदमाश नजर आ रहे हैं। यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे ग्राम तिलावद और मैना के बीच हुई। दो बिना नंबर की बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने एक तेज रफ्तार ट्रक का पीछा किया। इनमें से एक बदमाश चलती बाइक से ट्रक के पिछले हिस्से पर चढ़ गया और रस्सी काटकर तिरपाल हटा दी। महज दो मिनट के भीतर आरोपी ने ट्रक के अंदर रखे दो बड़े बॉक्स नीचे फेंक दिए और फिर खुद भी नीचे कूद गया। हथियार दिखाकर लोगों को डराया जिस समय यह लूट हो रही थी, पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने इसे अपने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो बनाने वाले शुजालपुर निवासी छोटू सोलंकी के अनुसार, बदमाशों के हाथों में हथियार थे। पीछे चल रहे बाइक सवार बदमाश हथियार दिखाकर अन्य गाड़ियों को दूर रहने का इशारा कर रहे थे। ट्रक ड्राइवर को जब कुछ गड़बड़ महसूस हुई और उसने गाड़ी रोकी, तब तक बदमाश सामान लेकर रफूचक्कर हो चुके थे। पुलिस को नहीं मिली जानकारी हैरानी की बात यह है कि हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस लूट जैसी चोरी की घटना से स्थानीय पुलिस अनजान है। तिलावद चौकी प्रभारी घनश्याम बैरागी और पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार दोनों ने ही ऐसी किसी भी घटना की सूचना मिलने या शिकायत दर्ज होने से साफ इनकार किया है। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
