Homeमध्यप्रदेश27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30-50किमी/घंटा से चलेगी आंधी:MP में 6...

27 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30-50किमी/घंटा से चलेगी आंधी:MP में 6 मई तक ऐसा ही मौसम; रायसेन-सीहोर में वेयरहाउस में रखी उपज भीगी

मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश का दौर भी जारी है। शनिवार को भोपाल समेत 20 से ज्यादा जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। कहीं ओले गिरे तो कहीं बारिश भी हुई। मौसम केंद्र, भोपाल की मानें तो 6 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रविवार को प्रदेश के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं। रायसेन में वेयरहाउस की छत उड़ी शनिवार को दोपहर बाद भोपाल में बारिश हुई। रायसेन के कई गांवों में तेज आंधी चली। छुछार गांव में हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले इस वेयरहाउस में सरकारी मूंग रखी है। बरेली और बाड़ी में किसानों का अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रभावित हुई है। सीहोर के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में आंधी के साथ पानी गिरा। बोरदी में विनायक वेयरहाउस पर 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखी फसल भीग गई। बालाघाट में दोपहर 1.30 बजे के बाद गरज-चमक के बाद तेज बारिश हुई। नगर पालिका परिसर में लगा एक पेड़ तेज हवा से गिर गया, जिसके नीचे एक बाइक दब गई। सीहोर में श्यामपुर रोड पर जाखाखेड़ी में पेड़ सड़क पर गिरा। ब्यावरा में आंधी से दुकानों के फ्लैक्स उड़ गए। पिपरिया में शाम करीब 4 बजे धूल भरी आंधी चली। हल्की बूंदाबादी भी हुई। देखिए, तीन तस्वीरें… इस बार आंधी-बारिश से मई की शुरुआत मध्य प्रदेश में आम तौर पर मई महीने में भीषण गर्मी का ट्रेंड रहा है, लेकिन इस बार मई की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई है। अगले 4 दिन यानी 6 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दो ट्रफ की वजह से मौसम बिगड़ा है। 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम… MP के 5 बड़े शहरों में मई में मौसम का ऐसा ट्रेंड… भोपाल में गर्मी-बारिश का ट्रेंड भोपाल में मई में मौसम के ट्रेंड की बात करें तो 10 साल में तेज गर्मी और बारिश दोनों का ही दौर रहा है। 2016 में पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका, जो ओवरऑल रिकॉर्ड है। यहां इस महीने बारिश भी होती है। 2014 से 2023 तक हर साल बारिश हुई। 2021 और 2023 में 2 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस बार भी मई में बारिश का अलर्ट है। इंदौर में 2023 में गिरा था 3 इंच पानी इंदौर में भी पारा 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई 1994 को इतना तापमान दर्ज किया गया था। इस महीने यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। इसके चलते बादल छाए रहते हैं तो बौछारें भी गिरती हैं। पिछले साल पूरे महीने 3 इंच बारिश हुई थी। वर्ष 2014 से 2023 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। ग्वालियर में 48 डिग्री के पार पहुंच चुका पारा ग्वालियर में गर्मी का ट्रेंड बाकी शहरों से अलग रहता है। यहां ज्यादा गर्मी पड़ती है। 10 साल में यहां पारा एक बार 47 डिग्री और 3 बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। 17 मई 1953 को 24 घंटे में सर्वाधिक 41.9 मिमी, यानी डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई थी। 2023 में भी ढाई इंच पानी गिरा था। जबलपुर में 3 बार 45 डिग्री पार कर चुका तापमान जबलपुर की बात करें तो यहां 25 मई 1954 को पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। 10 साल में 3 बार टेम्परेचर 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक भी रहा है। जबलपुर में मई में बारिश का ट्रेंड भी रहता है। 2014 से 2023 में हर साल बारिश हुई है। वर्ष 2021 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल 2 इंच पानी गिरा था। उज्जैन में भी गर्मी, बारिश का ट्रेंड उज्जैन में भी इस महीने गर्मी और बारिश का ट्रेंड रहता है। 22 मई 2010 को रिकॉर्ड 46 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा था। वहीं, 2014 से 2023 के बीच एक बार पारा 45 डिग्री के पार रह चुका है। हालांकि, पिछले साल पारा 42.4 डिग्री से ज्यादा नहीं गया था। इस महीने पौन इंच के करीब बारिश भी हुई थी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here