Homeमध्यप्रदेशएमपी बोर्ड ने बढ़ाई डेट, सोमवार तक भर सकेंगे फॉर्म:7 मई से...

एमपी बोर्ड ने बढ़ाई डेट, सोमवार तक भर सकेंगे फॉर्म:7 मई से शुरू होगी द्वितीय परीक्षा, फेल और पास दोनों विद्यार्थी हो सकेंगे शामिल

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 4 मई 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। पहले यह तिथि 26 अप्रैल तय थी। इस साल से बोर्ड ने पूरक परीक्षा प्रणाली समाप्त कर ‘द्वितीय परीक्षा’ लागू की है, जिसमें फेल और पास दोनों छात्र शामिल हो सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने जारी आदेश में कहा है कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 26 अप्रैल से बढ़ाकर 4 मई 2026 कर दी गई है। ऑनलाइन आवेदन एमपी ऑनलाइन पोर्टल के जरिए किए जा सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अन्य सभी नियम और निर्देश पहले की तरह ही लागू रहेंगे। पारंपरिक पूरक परीक्षा प्रणाली खत्म इस साल बोर्ड ने एक बड़ा बदलाव करते हुए पारंपरिक पूरक परीक्षा प्रणाली को समाप्त कर दिया है। पहले केवल सीमित विषयों में फेल छात्र ही पूरक परीक्षा दे सकते थे, लेकिन अब ‘द्वितीय परीक्षा’ के तहत सभी छात्रों को समान अवसर मिलेगा। यह बदलाव शिक्षा व्यवस्था में लचीलापन लाने और छात्रों के दबाव को कम करने के उद्देश्य से किया गया है। फेल के साथ पास छात्र भी दे सकेंगे परीक्षा नई व्यवस्था के अनुसार, जो छात्र किसी विषय में फेल हैं, उनके लिए उस विषय की परीक्षा देना जरूरी होगा। वहीं, जो छात्र पास हो चुके हैं, वे भी अपने अंक सुधारने के लिए स्वेच्छा से किसी भी विषय की परीक्षा दे सकते हैं। इससे छात्रों को अपने करियर के लिए बेहतर अंक हासिल करने का मौका मिलेगा। बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, हायर सेकेंडरी (12वीं) की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 के बीच होगी। सभी परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। बेहतर अंक ही होंगे अंतिम मान्य द्वितीय परीक्षा के बाद जारी अंकसूची मुख्य परीक्षा की तरह ही होगी। बोर्ड ने साफ किया है कि छात्र के मुख्य परीक्षा और द्वितीय परीक्षा में से जो भी बेहतर परिणाम होगा, वही अंतिम रूप से मान्य किया जाएगा। इससे छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का सीधा लाभ मिलेगा। ऐसे करें आवेदन द्वितीय परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों को मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद सात दिनों के भीतर आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से पूरी की जाएगी, जहां निर्धारित शुल्क जमा कर फॉर्म भरा जा सकेगा। अधिक जानकारी के लिए छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here