मध्यप्रदेश के खंडवा में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक मकान से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार एक साइड से पूरी पिचक गई। कार के एयरबैग खुलकर फट गए। हादसे में दूल्हे के 3 चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो भाइयों में से एक को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया है। हादसा पिपलोद के गुड़ी-लुनहार गांव के पास रविवार शाम 6 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आशंका है कि कार ड्राइवर ने अचानक हैंड ब्रेक का इस्तेमाल किया, जिससे कार पलटी खा गई और रोड़ किनारे एक मकान से टकरा गई। लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल भिजवाया गया। कार में सवार थे पांच युवक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहित (22) पिता स्वरूप चंद यादव निवासी बलवाड़ा, पुष्पक (24) पिता जितेंद्र यादव निवासी बलवाड़ा और ऋतिक (24) पिता धर्मेंद्र यादव निवासी गरनगांव के रूप में हुई है। कार में पांच युवक सवार थे। देखिए हादसे की चार तस्वीरें… लोगों ने कार से निकाले घायल हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच सूचना मिलने पर सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे और थाना प्रभारी धीरेश धारवाल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
