उज्जैन के नानाखेड़ा स्टेडियम की शूटिंग रेंज में बुधवार रात एक गंभीर विवाद सामने आया है। जहां व्यवस्थापक के रूप में कार्यरत सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी ने नेशनल खिलाड़ी रहे शूटिंग कोच के साथ मारपीट की और शूटिंग रेंज से धक्के मारकर निकाल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। नागझिरी निवासी शूटिंग कोच विराज परिहार ने नानाखेड़ा थाने में लिखित शिकायत देकर स्टेडियम इंचार्ज रामकुमार मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोच के अनुसार 22 अप्रैल को शूटिंग रेंज में सफाई होने के बाद लाइट चालू थी और रेंज का लॉक खुला हुआ था। इस संबंध में मैंने अपने इंचार्ज श्रीराम कुमार मिश्रा को वॉट्सऐप के माध्यम से सूचना दी, परंतु उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। शाम करीब 7:20 बजे मिश्रा अचानक शूटिंग रेंज में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ थप्पड़ और घूंसे से मारपीट की। पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती कोच का आरोप है कि मिश्रा ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “जहां भी दिखेगा, वहीं मारूंगा। मैं खुद एसआई रह चुका हूं, पुलिस मेरा कुछ नहीं कर सकती।” इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बेटों के टीआई और पटवारी होने का हवाला देकर भी डराने की कोशिश की। घटना के दौरान मौजूद अन्य कोच और खिलाड़ियों ने करीब 15-20 मिनट बाद बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पूरी घटना शूटिंग रेंज में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पहले भी हो चुका है विवाद
रामकुमार मिश्रा का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सोमवार को उन्होंने बैडमिंटन कोच मोनिका खलोटिया के साथ भी बच्चों को बाहर निकालने की बात को लेकर विवाद किया था। इस मामले में खेल अधिकारी ओपी हेराड ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया था। लोडेड वेपन तानने का भी आरोप
कोच विराज परिहार ने बताया कि 19 अप्रैल को मिश्रा बिना अनुमति शूटिंग रेंज में घुस आए और खिलाड़ियों के सामने लोडेड पिस्टल की बैरल उनकी ओर तान दी। इसे असुरक्षित बताते हुए जब उन्होंने टोका तो उसी समय से मिश्रा उनसे नाराज चल रहे थे। स्टाफ और खिलाड़ियों को भी धमकाने का आरोप
कोच ने आरोप लगाया कि मिश्रा अक्सर स्टाफ और खिलाड़ियों को भी धमकाते हैं। इस घटना के बाद वे खुद को असुरक्षित और मानसिक रूप से परेशान महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे खेल जगत में नाराजगी का माहौल है। पुलिस का कहना है नानाखेड़ा टीआई नरेंद्र यादव ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों ओर से शिकायत आई है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगा।
