मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने 2 बाइकों पर सवार परिवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम बहनों की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला बड़वाह थाना क्षेत्र के नर्मदा रोड पर दादा दरबार के पास का है। जानकारी के मुताबिक, मृत बहनों की पहचान 5 वर्षीय सृष्टि और साढ़े तीन वर्षीय भूमिका के रूप में हुई है, जो मोरटक्का की रहने वाली थीं। हादसा करीब शाम 4:30 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर पीटा, जिसे पुलिस ने बचाया। हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों परिवार शादी समारोह से लौट रहे थे। वे अपनी-अपनी बाइक से अपनी साइड से चल रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार आयशर वाहन ने टक्कर मार दी। सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। मृत बच्ची के पिता योगेश ने बताया कि उनकी 5 वर्षीय बेटी सृष्टि टक्कर के बाद आयशर के टायर के नीचे फंस गई और सड़क पर घिसटती चली गई। उन्होंने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार और गंभीर चोटों के कारण वे उसे नहीं बचा सके। सृष्टि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इंदौर ले जाते समय दूसरी बच्ची ने तोड़ा दम हादसे में साढ़े तीन वर्षीय भूमिका को गंभीर हालत में बड़वाह के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत नाजुक होने पर इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में बलवाड़ा के पास उसकी भी मौत हो गई। दोनों मासूमों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के समय वहां से गुजर रहे भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने तुरंत मदद की। उन्होंने एम्बुलेंस को सूचना दी और निजी अस्पतालों को अलर्ट किया। उनकी तत्परता से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। शादी से लौटते वक्त हादसा हुआ सूचना मिलते ही एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि परिवार सेमरला गांव शादी में गया था और लौटते समय हादसा हुआ। दोनों परिवार आपस में साढ़ू भाई हैं। थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में शामिल आयशर वाहन जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
