वह कुछ सुनने को तैयार ही नहीं हो रहा था। सिर्फ एक ही बात कहे जा रहा था कि मेरी गाड़ी बनवा दे। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को बुला लिया, जिन्होंने मेरे साथ मारपीट की। बस बात वहीं से बिगड़ गई। मैंने अपने दोस्तों को बुलाया। उन्हें तब तक चाकू मारने को कहा, जब तक उसकी जान नहीं निकल जाए। मैं तो उसे जानता भी नहीं था कि वह कौन है। यह कहना है पुलिस गिरफ्त में आए शिवम वाजपेयी का, जिसके कारण आकांश साहू की हत्या हुई। गुरुवार को रांझी पुलिस ने मुख्य सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि अभी भी चार आरोपी फरार हैं। सड़क पर चाकू मारने का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। गार्ड की नौकरी करता है शिवम शिवम वाजपेयी (29) महात्मा गांधी वार्ड निवाड़गंज पांडेय चौक का रहने वाला है। वह सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। 8 फरवरी की रात वह दोस्तों के साथ शराब पार्टी के बाद घर लौट रहा था। गोकलपुर लक्ष्मी मंदिर के पास आधारताल निवासी आकांश साहू अपनी क्रेटा कार मोड़ रहा था, तभी सामने से आ रही शिवम की बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। देखिए 3 तस्वीरें सुबह गाड़ी बनवाने की बात कही आकांश पहले गोकलपुर में ही रहता था। टक्कर के बाद उसके साथी मौके पर पहुंच गए। नशे में धुत बाइक सवार शिवम की पिटाई कर दी। आकांश साहू ने शिवम का नाम और मोबाइल नंबर लिया और गाड़ी बनवाने को कहा। शिवम ने कहा कि अभी इलाज करवा लेता हूं। सुबह गाड़ी बनवा दूंगा। इसके बाद शिवम वहां से चला गया। आकांश गाड़ी के पास खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। करीब 10 मिनट बाद बाइक से 8 लड़के पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए आकांश पर हमला कर दिया। सभी ने घेरकर मारपीट की। दो आरोपियों ने चाकू निकालकर उसके सीने और पैर पर वार किए। हार्ट में चाकू लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। आकांश बचने के लिए गली में भागा, लेकिन कुछ दूरी पर गिर गया। उसके बाद आरोपी भाग गए। लोगों ने उसे रांझी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर मिली क्षतिग्रस्त बाइक घटना की सूचना पर सीएसपी सतीश साहू और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार के पास क्षतिग्रस्त बाइक मिली। सीसीटीवी फुटेज में सात से आठ युवक आकांश पर हमला करते दिखे। बाइक नंबर एमपी 20 केएस 0511 संजय सिंह ठाकुर के नाम दर्ज पाई गई, जिसने कुछ महीने पहले इसे शिवम को बेचा था। 12 फरवरी को रांझी थाना पुलिस ने विजय नगर जीरो डिग्री के पास से शिवम को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सात अन्य साथियों के नाम बताए। सुधीर चौधरी निवासी अमखेरा, सुमित चौधरी निवासी श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड कांचघर, अंकित चौरसिया निवासी नन्हे जैन मंदिर के पास हनुमानताल, कमलेश कुमार, जय बैन, छोटू ठाकुर और एक अन्य साथी घटना में शामिल थे। कमलेश महोबिया और छोटू ने चाकू से हमला किया। क्षणिक आवेश में हुई हत्या रांझी पुलिस ने शिवम सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चाकू से हमला करने वाले कमलेश, छोटू और दो अन्य आरोपी फरार हैं। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे। वाहन टकराने के बाद विवाद हुआ और हत्या कर दी गई। मौके के 10 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरी घटना दर्ज है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। ………………………… यह खबर भी पढ़ें… जबलपुर में 19 मिनट में बिजनेसमैन की हत्या जबलपुर में रविवार देर रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें…
