अशोकनगर जिले के राजपुर से कुछ दूर कोलूआ गांव के पास एक सड़क हादसे में 4 साल की बच्ची परी अहिरवार की मौत हो गई। वह अपने पिता अभिषेक अहिरवार और दादी के साथ राजपुर से एक शादी समारोह से लौट रही थी। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे परिवार सावन गांव लौट रहा था। कोलूआ गांव के पास सभी बाइक रोककर सड़क किनारे पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी परी को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक टक्कर मारते हुए भाग गया। परिजनों ने कुछ देर तक एंबुलेंस का इंतजार किया, जिसके बाद शाम को उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया, क्योंकि अधिक समय हो चुका था। उसका पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा।
