मध्य प्रदेश के दमोह जिले में बाइक सवार 3 दोस्त 30 फीट गहरी खाई में गिर गए। जर्जर पुल से नीचे गिरते ही तीनों की मौके पर मौत हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब पांच युवक दो बाइकों से शादी में शामिल होने जा रहे थे। मामला तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक सभी युवक सागर जिले के रहने वाले थे। दमोह के तेंदूखेड़ा के समनापुर गांव जा रहे थे। रास्ते में वे भटक गए। शॉर्टकट के चक्कर में जर्जर पुल की ओर पहुंच गए। अंधेरा होने और पुल पर कोई चेतावनी बोर्ड न होने के कारण उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं हुआ। बाइक सीधे नीचे खाई में गिर गई। हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए… 3 दोस्तों की मौके पर मौत, 2 दोस्तों की जान बची हादसे में अजय घोषी (21), अमित कुर्मी (21) और पवन कुर्मी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों सागर जिले के छिरारी गांव के निवासी थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार भागीरथ कुर्मी और सुमित कुर्मी पीछे रह गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद साथी भागीरथ कुर्मी ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मृतक के चाचा बोले- पुल पर न तो रेलिंग थी और न सांकेतिक बोर्ड वहीं मृतक पवन कुर्मी के चाचा सुरेश पटेल ने बताया कि सागर मार्ग पर ब्यारमा नदी पर बना यह पुल 30 जुलाई को आई बाढ़ में टूट गया था। इसके बाद से यहां आवागमन प्रभावित था। पुल पर न तो रेलिंग लगी थी और न ही कोई सांकेतिक बोर्ड लगाया गया था। स्थानीय लोगों को इस रास्ते से बचने के लिए करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 108 और डायल 112 को भी बुलाया गया था, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। मामले की जांच की जा रही है। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने जताया दुख
वहीं हादसे पर पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि छिरारी गांव के तीन युवकों की इस दुर्घटना में मौत होना बेहद दुखद है। इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। …………………… यह खबर भी पढ़ें… 30 फीट गहरे तालाब में गिरी कार…3 बारातियों की मौत: विदिशा में 7 घायल, इनमें से 3 भोपाल रेफर; घायल बोला- अचानक रोड खत्म हो गई मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 3 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
