मध्य प्रदेश के खरगोन जिला में मां ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में धक्का दे दिया। इसके बाद 20 दिन के नवजात को लेकर खुद भी कुएं में कूद गई। तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि मां खुद जिंदा बाहर निकाल गई। मामला सनावद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार मृतकों में अर्जुन (4), करण (2) और एक 20 दिन का नवजात शामिल है। वहीं बच्चों मारकर छलांग लगाने वाली महिला का नाम नानी बाई है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। मजदूरी करके ही परिवार का गुजारा चल रहा था। तीन बच्चों के साथ घर में थी मां पुलिस के अनुसार डेहरिया निवासी कालू सिंह पिछले 8-10 दिनों से अपने परिवार के साथ यहां मजदूरी करने आया हुआ था। वह स्थानीय किसान बलिराम भमोरिया के खेत में काम कर रहा था। बुधवार सुबह भी वह रोज की तरह खेत पर चला गया, जबकि घर में उसकी पत्नी नानी बाई अपने तीन छोटे बच्चों के साथ थी। कुएं में गिरने की मिली सूचना ग्रामीणों को सुबह करीब 9 बजे के आसपास सूचना मिली कि नानी बाई और उसके बच्चे भोमवाड़ा के कुएं में गिर गए हैं। खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की। कुएं के पानी में तीनों बच्चे डूब चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने निकाले बच्चों के शव घटना की जानकारी मिलते ही सनावद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर बच्चों की तलाश की गई। करीब 11 बजे तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। बाद में पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सनावद सिविल अस्पताल भेज दिया। 30 फीट गहरा था कुआं मलगांव के सरपंच ओम पटेल के मुताबिक कुआं लगभग 30 फीट गहरा है। इसमें करीब 11 फीट तक पानी भरा हुआ है। कुएं में नीचे उतरने के लिए सीढ़ियां भी बनी हुई हैं। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण बच्चों को तुरंत बचाया नहीं जा सका। बच्चों के शव देखकर पिता हुआ बदहवास उधर, जब मजदूरी कर रहे पिता कालू सिंह को घटना की सूचना मिली तो वह भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। बच्चों के शव देखकर वह बदहवास हो गया। तीन मासूम बच्चों की एक साथ मौत से गांव में शोक का माहौल है। आरोपी महिला गिरफ्तार सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि महिला का मजदूरी और घर के काम में मन नहीं लगता था। मानसिक तनाव और काम से बचने की चाहत में वारदात को अंजाम दिया है। हत्या की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। जुर्म कबूल करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला ने स्वीकार किया, उसी ने धक्का दिया
एसपी खरगोन डॉ. रविंद्र वर्मा ने बताया कि महिला ने स्वीकार किया है कि उसी ने बच्चों को कुएं में फेंका था। वह तैरना जानती थी, इसलिए रस्सी पकड़कर बाहर आ गई। हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या कोई घरेलू विवाद था या महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
