पेट और आंतों की बीमारियों की जांच में बड़ा बदलाव आ सकता है। आईसर (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च) भोपाल के प्रोफेसर डॉ. मित्रदीप भट्टाचार्य और उनकी टीम ने एक स्मार्ट ई-पिल विकसित की है, जो शरीर के भीतर से रियल-टाइम जानकारी दे सकेगी। यह कैमरा-रहित सेंसर कैप्सूल है, इसलिए पारंपरिक कैप्सूल एंडोस्कोपी की तुलना में अधिक किफायती है। बैटरी-फ्री यह ई-पिल मैग्नेट के जरिए कंट्रोल की जा सकती है, जिससे जरूरत पड़ने पर इसे शरीर के किसी खास हिस्से में रोककर वहां का विस्तृत डेटा लिया जा सकता है। यह ई-पिल वायरलेस है और सॉल्यूबल कैप्सूल कवर में सेंसर लगाकर बनाई गई है, जिसका आकार सामान्य कैप्सूल (6×20 मिमी) जितना ही है। इसका बाहरी आवरण शरीर में घुल जाता है और माइक्रो सेंसर बड़ी आंत के रास्ते बाहर निकल जाते हैं। यह पिल दवाओं के साथ देने पर उनके रिलीज पैटर्न और मात्रा की जानकारी भी देती है। डॉ. भट्टाचार्य के अनुसार, आईसीएमआर गाइडलाइन के तहत इसका एनिमल ट्रायल मछली पर सफल रहा है। अब अन्य जानवरों पर परीक्षण के बाद ह्यूमन ट्रायल की तैयारी की जा रही है। करीब दो साल की रिसर्च के बाद तैयार इस तकनीक पर आधारित शोध इंटरनेशनल जर्नल ‘एनपीजे फ्लेक्सिबल इलेक्ट्रॉनिक्स’ में प्रकाशित हुआ है। कैप्सूल एंडोस्कोपी और ई-पिल… जांच में यह है फर्क
