हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 2 अप्रैल को राजधानी में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा। शहर में अलग-अलग संगठनों द्वारा दो प्रमुख भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा ‘हिंदू एकता शोभायात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा छोटा तालाब स्थित कालीघाट मंदिर से शुरू होकर चार बत्ती, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जुमेराती, घोड़ा निकास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज और सिंधी कॉलोनी होते हुए बैरसिया रोड स्थित दुर्गा मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा की शुरुआत हनुमान चालीसा पाठ से होगी और समापन भंडारे के साथ किया जाएगा। इस शोभायात्रा में 15 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा, राजस्थान के पारंपरिक ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी प्रमुख आकर्षण रहेंगे। साथ ही सामाजिक मुद्दों पर आधारित प्रतीकात्मक झांकियां भी शामिल की जाएगी। बजरंग दल निकालेगा गदा यात्रा वहीं, बजरंग दल भोपाल विभाग द्वारा ‘वीर बजरंगी गदा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा शाम 4:30 बजे विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय, छोला रोड से शुरू होगी। यात्रा का मार्ग फूटा मकबरा, गणेश मंदिर छोला, जे.पी. नगर, डीआईजी बंगला, काजी कैम्प, सिंधी कॉलोनी और करोंद होते हुए संगठन के प्रांत कार्यालय पर समाप्त होगा। इस यात्रा में धार्मिक ध्वज, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और युवा शक्ति की भागीदारी विशेष आकर्षण रहेगी। आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में संगठन के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत शामिल होंगे। दोनों आयोजनों को लेकर संगठनों ने प्रशासन से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं करने का अनुरोध भी किया गया है।
