छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। आईएएस पद पर पदोन्नति के बाद कुछ अफसरों को नई जिम्मेदारी दी गई है जबकि कुछ को यथावत रखा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश के मुताबिक 11 आईएएस के प्रभार में फेरबदल किया गया है। इनमें वेयर हाउस और सहकारी संस्थाओं का जिम्मा संभाल रहे कुलदीप शर्मा को भाटापारा-बलौदाबाजार का नया कलेक्टर बनाया गया है। जबकि वित्तमंत्री के विशेष सहायक रहे आशीष टिकरिहा को छत्तीसगढ़ वेयर हाउस कॉर्पोरेशन का नया एमडी बनाया गया है। मंत्रियों के स्टाफ की मेनस्ट्रीम में वापसी इस फेरबदल से कई मायने हैं। इससे मंत्रियों के स्टाफ की ‘मेनस्ट्रीम’ में वापसी हो गई है। तीर्थराज अग्रवाल और आशीष टिकरिहा मंत्री के विशेष सहायक रहे उन्हें बड़े पदों की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार इन अफसरों का उपयोग नीति-क्रियान्वयन में करना चाहती है। इसी तरह बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे आईएएस कुलदीप शर्मा को जिले की कमान सौपी गई है। जबकि सहकारिता विभाग में अब सिंगल विंडो सिस्टम हो गया है। यानी प्रसन्ना को सहकारिता सचिव के साथ ही आयुक्त और रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) का भी प्रभार सौंप दिया गया है। वहीं पदों का कैडर अपग्रेडेशन भी किया गया है। यह एक तकनीकी प्रक्रिया है ताकि अफसरों के कैडर और उनके पद की गरिमा व वेतनमान में कोई कानूनी पेंच न फंसे।
