रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में एक अनोखी और शाही शादी चर्चा का विषय बनी रही। जवा तहसील के ग्राम बरौहा निवासी अमित सिंह बघेल की बारात हेलीकॉप्टर से ग्राम जतरी पहुंची, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग जुट गए। अमित सिंह बघेल, जो पेशे से पुणे में एक निजी कंपनी के संचालक हैं, उनका विवाह जतरी निवासी रिया सिंह चौहान के साथ तय हुआ। 25 फरवरी को बरौहा से हेलीकॉप्टर में सवार होकर दूल्हा अपनी बारात लेकर जतरी पहुंचा। जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के निर्धारित स्थान पर उतरा, वहां मौजूद ग्रामीणों में उत्साह और कौतूहल का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि इस शाही आयोजन के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग लखनऊ से की गई थी, जिस पर लाखों रुपए खर्च किए गए। ग्रामीणों के अनुसार, जवा तहसील में इस तरह की यह पहली शादी है, जहां बारात और विदाई दोनों हेलीकॉप्टर से हुई। गुरुवार 26 फरवरी को विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से ही की गई। विदाई के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। दूल्हे ने बताया कि उसने पत्नी की खुशी और शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसा किया। भीड़ को देखते हुए थाना डभौरा पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। सिरमौर क्षेत्र में इस अनोखी शादी की चर्चा दिनभर होती रही और यह आयोजन इलाके में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
