मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को बिना ड्राइवर के ढलान में खड़े हाईवा ने 2 कॉलेज छात्राओं को कुचल दिया। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती के सिर के ऊपर से टायर गुजर गए, जिससे भेजा बाहर आ गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक छात्रा का नाम नंदनी भिलाला (20) है, जबकि घायल छात्रा सुमन वर्मा (21) है। नंदनी पचोर तहसील के पिपलिया रसोड़ा गांव की रहने वाली थी। शासकीय अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थीं। वहीं घायल सुमन वर्मा खिलचीपुर के भादाहेड़ी की निवासी है। संकट मोचन कॉलोनी में रहती थीं। सुमन भादाहेड़ी सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हड्डियां फ्रैक्चर हो गई हैं। वहीं हादसे के बाद नंदनी की लाश के पास बैठकर बहनें फूट-फूटकर रो रही हैं। ये 3 तस्वीरें देखिए… कॉलेज जाने के लिए निकली थी छात्राएं छात्रावास की वार्डन गोकुल चंदेल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों छात्राएं कॉलेज जाने के लिए छात्रावास से निकली थीं। नंदनी बीएससी सेकंड ईयर की छात्रा थी। दोपहर करीब 1 बजे दोनों कॉलेज से वापस छात्रावास लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से हाईवा ने कुचला। ढलान पर हाईवा खड़ा कर पेमेंट लेने गया था ड्राइवर स्थानीय लोगों के मुताबिक मछली मार्केट के पास ढलान पर हाईवा खड़ा कर ड्राइवर पेमेंट लेने चला गया था, लेकिन उसने हैंडब्रेक नहीं लगाया था। इसी वजह से हाईवा अपने आप चलने लगा। ढलान होने के कारण हाईवा की रफ्तार तेजी से बढ़ गई। इस दौरान हाईवा ने पहले एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर से कार का पिछला कांच टूट गया। वह सड़क किनारे हट गई। इसके बाद हाईवा की रफ्तार और बढ़ गई। आगे सड़क पर जा रही दोनों छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं। करीब 250 मीटर तक बेकाबू दौड़ने के बाद हाईवा पुल के पास खाई में उतर गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मची हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर मृत पड़ी छात्रा के सिर को लोगों ने रुमाल से ढक दिया। वहीं नंदनी की लाश के पास बैठकर उसकी सहेलियां और बहनें फूट-फूटकर रोने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं घायल छात्रा सुमन वर्मा को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज डॉक्टरों के मुताबिक सुमन के सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही हाथ-पैर की हड्डियां फ्रैक्चर हो गई हैं। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में स्थानीय अस्पताल में उसका इलाज जारी है। …………………………………….
