Homeमध्यप्रदेशसीएम नाराज, भाषण के लिए आखिरी में बुलाया:पत्रकार से बोले मंत्री- अपने...

सीएम नाराज, भाषण के लिए आखिरी में बुलाया:पत्रकार से बोले मंत्री- अपने शब्द वापस लो; कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बांधा भगवा साफा

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। नाराज हो गए सीएम, आयोजकों को दी नसीहत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक कार्यक्रम के दौरान उस समय नाराज नजर आए, जब उन्हें संबोधन के लिए सबसे आखिरी में बुलाया गया। हालांकि उन्होंने मंच से बहुत ही सधे और संयमित अंदाज में आयोजकों को इस बात के लिए नसीहत भी दे डाली। सीएम ने कहा- मुख्यमंत्री के नाते से मेरा अंत में इस विषय पर बोलना, प्रशासनिक दृष्टि से मेरा ध्यान गया कि किसने बनाया कार्यक्रम कि आखिरी में मुझे बुला रहे, इतने अच्छे वक्तव्यों के बाद। अपनी त्रुटि मान लें कि इन सारे विषयों को रखने के लिए मुख्यमंत्री को कहां रखना चाहिए। सीएम ने आगे कहा- ये संकट भी है, लेकिन शोध संस्थान है तो छूट भी है। आप को सारे प्रयोग करने के लिए मैं आपका आभार मानता हूं, आपका अभिनंदन करता हूं। दरअसल, मुख्यमंत्री राजधानी भोपाल में आयोजित नेशनल रिसर्चर मीट के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम का आयोजन संघ की सहयोगी संस्था दत्तोपंत ठेंगडी शोध संस्थान ने किया है। करीब दो घंटे तक चले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पूरे समय मंच पर बैठे रहे और अंत में उन्हें संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने लगभग साढ़े छह मिनट का छोटा सा भाषण दिया। अपने संबोधन के अंत में सीएम ने कहा- उद्घाटन सत्र में आपने सुयोग्य अतिथियों को बुलाया, लेकिन मुझे माफ करना, अगली बार नंबर पहला रख दीजिएगा। बहुत-बहुत धन्यवाद। मुख्यमंत्री ने बेहद सहज और हल्के अंदाज में आयोजकों को एक गहरा संदेश दे दिया, जिसे समझने वाले भली-भांति समझ गए होंगे। पत्रकार के सवाल पर भड़क गए मंत्री सिलावट
ग्वालियर दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट एक पत्रकार के सवाल पर नाराज हो गए और उन्होंने पत्रकार से अपने शब्द वापस लेने को कहा। दरअसल, पत्रकार ने सवाल किया था कि जब ‘महाराज’ शहर आते हैं, तभी आप सक्रिय दिखाई देते हैं, उसके बाद नजर नहीं आते। इस सवाल पर मंत्री तुलसी सिलावट ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- सालभर का चार्ट निकालकर देख लीजिए, फिर बात कीजिए। प्रभारी मंत्री को आप निर्देश नहीं दे सकते। आप जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसे वापस लीजिए। यह उचित नहीं है। यह अधिकार मैं किसी को नहीं देता हूं। मेरा लेखा-जोखा मेरी पार्टी रखती है और मेरी सरकार रखती है। इस बयान के बाद लोग यह कह रहे हैं कि पार्टी और सरकार के साथ-साथ जनता भी जनप्रतिनिधियों के कामकाज का लेखा-जोखा रखती है। जब कोई नेता एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होता है, तो विकास कार्यों और कमियों-खामियों पर सवाल पूछे जाना स्वाभाविक है। ऐसे में नाराज क्यों होना। कांग्रेस विधायक की कांग्रेस नेताओं को चुनौती
भोपाल के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद जब बुरहानपुर पहुंचे, तो वे अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने सिर पर भगवा साफा बांधा हुआ था। हालांकि मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं को कड़ी चेतावनी दे दी। आरिफ मसूद ने कहा- मैं कांग्रेस पार्टी के लोगों से कहना चाहता हूं कि भाजपा के खौफ में न आएं। कांग्रेस नेताओं को मजबूती के साथ, हर मरहले में हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। अगर आप हमारे साथ खड़े नहीं होंगे, तो याद रखिए, कल हम आपको स्थायी रूप से घर बैठा देंगे। कांग्रेस विधायक एसआईआर के तहत लगाई जा रही कथित फर्जी आपत्तियों के विरोध में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जब आरिफ मसूद बुरहानपुर पहुंचे, तो उनकी ही पार्टी के कुछ नेताओं ने उनसे दूरी बना ली। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मंच से दिया गया यह बयान उसी नाराजगी का नतीजा हो सकता है। वैलेंटाइन डे का विरोध, शिवसेना ने की लट्‌ठ पूजा
सागर में वैलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने लाठियों की पूजा की। मंत्रोच्चार के साथ डंडों को तेल लगाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना–कोना’ जैसे नारे भी लगाए। शिवसेना नेताओं का कहना है कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है। उनके मुताबिक कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य सभ्यता को अपनाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाते हैं, जिसे शिवसैनिक किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। हालांकि अब लोग यह भी कह रहे हैं कि शिवसेना हर साल वैलेंटाइन डे से पहले इसी तरह के विरोध और फोटो सेशन करती है, जिससे खबरें बनती हैं, लेकिन वैलेंटाइन डे के दिन ऐसे प्रदर्शन कहीं नजर नहीं आते। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अरुण मोरे (ग्वालियर), रईस सिद्दिकी (बुरहानपुर), जितेंद्र तिवारी (सागर) ये भी पढ़ें –
ब्रज में बुरे फंसे शिवराज, लस्सी के साथ मिली नसीहत: कांग्रेस विधायक ने अध्यक्ष को बना दिया ‘स्वर्गीय’ सिवनी जिले के केवलारी से कांग्रेस विधायक ठाकुर रजनीश सिंह ने एक अजीबोगरीब गलती कर दी। उन्होंने अपनी ही पार्टी के जिला अध्यक्ष नरेश मरावी को जीते-जी ‘स्वर्गीय’ बता दिया। इधर, ब्रज यात्रा पर गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को एक दुकानदार ने मनुहार करके लस्सी पिलाई वो भी नसीहत के साथ। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here