मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सिंधिया ने विधायक को गुलाब के फूल सुंघाए अशोक नगर में लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी को गुलाब के फूल सूंघने को कहा। सिंधिया के ऐसा कहते ही वहां ठहाके गूंजने लगे। हुआ यूं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए एक कार्यकर्ता गुलाब के फूलों की माला लेकर आया था। यह माला इतनी महक रही थी कि सिंधिया ने पास ही खड़े विधायक से कहा- इसे सूंघो। सिंधिया के कहने पर विधायक ने फूलों की खुशबू ली। सिंधिया ने भी गुलाब के फूलों की महक ली और फिर वही माला विधायक को पहना दी। इस सम्मान से 78 साल के विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी इतने भाव-विभोर हो गए कि सबके सामने अपने से करीब 23 साल छोटे, 55 वर्षीय ज्योतिरादित्य सिंधिया के पैर छूकर आशीर्वाद ले लिया। अब लोग इस वीडियो को लेकर तंज भी कर रहे हैं। कह रहे हैं कि राजनीति में बने रहने के लिए इस विधा में अपने से बड़े कद के लोगों का आशीर्वाद भी लेना पड़ता है। जनसुनवाई के साथ ‘आदत सुधार’ अभियान भी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोक नगर जिले के पिपरई में जनसुनवाई भी की। इस दौरान उनका अनोखा अंदाज देखने को मिला। उन्होंने लोगों की समस्याएं तो हल कीं ही, साथ ही उनकी बुरी आदतें सुधारने का भी अभियान चला दिया। आवास के लिए आए एक हितग्राही युवक से सिंधिया ने कहा- सुपारी खा रहे हो? जब युवक ने हां कहा, तो सिंधिया ने उससे कहा- मत खाना, यह तुम्हारे लिए बुरा है। सिंधिया ने युवक से पूछा कि आज मैं तुम्हें कुटीर का लाभ दे रहा हूं, बदले में तुम मुझे क्या दोगे? इस पर युवक ने कहा- सुपारी नहीं खाऊंगा। इसके बाद सिंधिया ने युवक को सुपारी नहीं खाने का संकल्प दिलाया। ऐसे ही एक अन्य युवक को लेकर सिंधिया ने कहा- मुझे इनकी सुपारी छुड़वाना है। सिंधिया ने उसकी समस्या हल करते हुए कहा कि अब तुम्हारे मुंह में दोबारा सुपारी नहीं दिखनी चाहिए। सिंधिया के इस अंदाज पर जमकर ठहाके भी लगे। नगर निगम ने बारिश के बीच पौधों को दिया पानी मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब प्रदेश नहीं कहते, इसकी एक और बानगी सामने आई है। रतलाम में नगर निगम के कर्मचारी बारिश के बीच पौधों को पानी देते नजर आए। हुआ यूं कि गुरुवार देर शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश होने लगी। बारिश के बीच भी नगर निगम के टैंकर से सड़क के डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी दिया गया। लोगों ने इसके वीडियो बना लिए और अब चटकारे लेकर उन्हें शेयर कर रहे हैं। लोग तंज कस रहे हैं कि कर्तव्यपरायणता की इससे बड़ी मिसाल क्या होगी। ड्यूटी मतलब ड्यूटी… बारिश आए या सूखा पड़े, जो जिम्मेदारी दी गई है, वह तो पूरी करनी ही पड़ेगी। जब नशे में धुत दोस्त बना डॉक्टर, इलाज में जुटा गुना में दो दोस्तों ने साथ बैठकर कुछ ज्यादा ही शराब पी ली। इसके बाद एक दोस्त की तबीयत बिगड़ गई। फिर क्या, दूसरे दोस्त में जैसे डॉक्टर की आत्मा आ गई। वह मेडिकल स्टोर से ग्लूकोज की बोतल ले आया और अपने दोस्त के इलाज में जुट गया। यह घटना जिला अस्पताल परिसर की है, जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। नशे में धुत दोस्त ने अपने मित्र को एक पेड़ के नीचे लिटा दिया और वहीं उसका इलाज शुरू कर दिया। अब लोग कह रहे हैं- शराब का नशा जो कराए, सो कम है। इनपुट सहयोग – संजीव यादव (अशोकनगर), कपिल मिश्रा (शिवपुरी), आशीष रघुवंशी (गुना), केके शर्मा (रतलाम)। ये भी पढ़ें… कांग्रेस लाइन से हटे कमलनाथ, बोले- गैस की कमी नहीं पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। जब मीडिया ने उनसे एलपीजी की किल्लत को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि किसी तरह की कमी नहीं है। कमलनाथ बोले- ‘यह अव्यवस्था है। ऐसी कोई कमी नहीं है, लेकिन माहौल बना दिया गया है कि कमी है।’ पढ़ें पूरी खबर…
