सागर के कैंट थाना क्षेत्र में स्थित 28 नंबर गेट के पास रेलवे पंप हाउस के कुएं में युवक का शव मिला है। शव करीब तीन दिन पुराना होना बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, पंप हाउस के कुएं से दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध आते देख कर्मचारियों ने कुएं में देखा तो पानी में शव नजर आया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने रस्सियों की मदद से रेस्क्यू कर शव को पानी से बाहर निकाला शव पुराना होने से सड़-गल गया था। जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। कैंट पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए शहर समेत आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है। सुनसान इलाके में है पंप हाउस रेलवे का पंप हाउस सुनसान इलाके में है। यहां पर लोगों का आना-जाना कम रहता है। इस कारण किसी को कुएं में शव होने की भनक नहीं लग सकी। दुर्गंध आने के बाद मामला उजागर हुआ है। मामले में मृतक की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो सकेगा।
