शाजापुर के नेशनल हाईवे 52 पर बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक चलते ट्रक में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने से ट्रक में रखा फॉर्च्यून और कैटरिंग का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर पदस्थ प्रधान आरक्षक पवन शर्मा और पायलट अंकित मौके पर पहुंचे। इसके अलावा सूचना मिलते ही कोतवाली थाना, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया करीब तीन से चार दमकल वाहनों की मदद से आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। आगजनी के चलते शाजापुर से सारंगपुर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आग बुझने के बाद मार्ग को पुनः चालू कर दिया गया। ट्रक अहमदाबाद से बिहार जा रहा था ट्रक चालक मुमताज खान ने बताया कि ट्रक रातभर एक होटल पर खड़ा था। सुबह लगभग 10 किलोमीटर चलने के बाद अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। ट्रक अहमदाबाद से बिहार जा रहा था। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कितने का सामान जला है, इसका आकलन किया जा रहा है।
