भोपाल के भेल के खंडहरनुमा मकान में शराब पार्टी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। फिल्मी स्टाइल में युवकों की पार्टी के बीच दो बदमाशों की एंट्री होती है। जिसमें से एक हाथ में चाकू लिए था। जबकि दूसरा पूरे घटनाक्रम का वीडियो शूट करता रहा था। हाथ में चाकू लिए बदमाश ने शराब पी रहे युवकों से कहा… जेब में जो कुछ भी है निकाल दो नहीं तो आज जान से जाओगे। एक युवक ने विरोध करने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट की गई। डर बैठाने के लिए चाकू को उल्टा कर उस पर दो वार किए गए। शुक्रवार को इस सनसनीखेज लूट का वीडियो सामने आया है। जबकि घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जानकारी है। शिकायत आई है। FIR दर्ज की जा रही है। दोस्त के साथ शराब पीने खंडहर में गए थे पुलिस के मुताबिक फरियादी अशोका गार्डन का रहने वाला है। सौरभ मीणा (32) प्राइवेट जॉब करता है। उसने पुलिस को बताया कि दोस्त के साथ खंडहर में शराब पीने गया था। जहां अचानक आए बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटपाट की। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह पहले से आरोपी को नहीं जानता है। मुखबिरों ने की आरोपियों की पहचान पुलिस का कहना है कि हाथ में चाकू लिए बदमाश सचिन उर्फ बच्ची है, उसे बाणगंगा में बच्ची नाम से जाना जाता है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरा नाम साफ हो सकेगा। बच्ची का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी है। टीआई अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। वे डर के कारण सामने आने को तैयार नहीं थे। आरोपियों ने मोबाइल पैसा और गाड़ी की चाबी छीनी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी चाकू की नोक पर डरा धमकाकर पीड़ित युवकों से जेब में रखा कैश और गाड़ी की चाबी तक छीन लेते हैं। फरियादी मिन्नत करते हैं कि आइंदा से इस जगह नहीं आएंगे, लेकिन आरोपी लगातार उन्हें धमकाते हैं और पीटते हैं। पीड़ित युवकों की जेब की तलाशी लेते हैं और जो कुछ हाथ लगता है सब छीनकर फरार हो जाते है।
